मंत्री डॉ. भदौरिया और डॉ. चौधरी ने की वृक्षाबंधन पखवाड़े की सराहना

भोपाल

सहकारिता, लोक सेवा प्रबंधन और रायसेन जिला प्रभारी मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी और पूर्व मंत्री एवं सिलवानी विधायक रामपाल सिंह ने वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए रायसेन जिले में मनाए जा रहे वृक्षाबंधन पखवाड़ा की सराहना की।

मंत्री डॉ. भदौरिया और डॉ. चौधरी ने कहा कि रायसेन जिले में वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिये वृक्षाबंधन पखवाड़ा मनाने के लिए कलेक्टर उमाशंकर भार्गव तथा जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा ने सराहनीय पहल की है। मंत्री द्वय ने कहा कि वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिये की गई यह पहल बहुत अच्छी है। इससे लोगों का रोपे गए पौधे के प्रति भावनात्मक जुड़ाव होता है। पौधे की समुचित देखभाल और सुरक्षा के लिये लोग प्रेरित होते हैं।

मंत्री द्वय ने रायसेन जिले के ग्राम छुछार में वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया

वैक्सीनेशन महाअभियान के दूसरे दिन सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन और रायसेन जिला प्रभारी मंत्री डॉ. अरविंद सिंह भदौरिया एवं लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने गुरुवार 26 अगस्त टीकाकरण महाअभियान के दूसरे दिन रायसेन जिले की बरेली तहसील के ग्राम छुछार में वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री द्वय ने स्वास्थ्य अमले से अब तक हुए वैक्सीनेशन की जानकारी प्राप्त की। पूर्व मंत्री एवं सिलवानी विधायक रामपाल सिंह भी उनके साथ थे।

मंत्री द्वय ने वैक्सीन लगवाने आ रहे ग्रामीणों से चर्चा की। मंत्री द्वय ने नागरिकों से कहा कि परिवार का अठारह वर्ष से अधिक आयु का कोई भी पात्र व्यक्ति वैक्सीनेशन से छूटे नहीं। कोरोना संक्रमण को समाप्त करने सभी पात्र लोगों को वैक्सीन लगवाना जरूरी है। सरकार द्वारा लोगों को निःशुल्क वैक्सीन लगाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *