29 अगस्त को होने वाले चेंबर ऑफ कामर्स चुनाव स्थगित

भोपाल
 भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के 29 अगस्त को प्रस्तावित चुनाव आगामी आदेश तक स्थगित कर दिए गए है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके आदेश एसडीएम बैरागढ़ मनोज उपाध्याय ने जारी कर दिए है। एसडीएम ने बताया कि संस्था के त्रिवार्षिक निर्वाचन 29 अगस्त को लैंड मार्ग मैरिज गार्डन हलालपुर बस स्टैंड के पास होने वाले थे। जिसमें काफी संख्या में प्रत्याशी, सदस्यगण व अन्य लोगों के एक साथ एकित्रत होने की संभावना है, लेकिन वर्तमान में कोविड प्रोटोकाल लागू है। ऐसे में निर्वाचन कि प्रक्रिया पूर्ण करना उचित नहीं होगा। इसके चलते भविष्य में निर्वाचन संबंधी कार्रवाई अनुमति प्राप्त कर की जा सकेगी। बता दें कि विगत दिनों चेंबर के कुछ सदस्यों ने जिला प्रशासन को आवेदन देकर चुनाव निरस्त कराने की मांग की है। सदस्यों का कहना है कि चुनाव के दौरान कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं हो सकेगा। प्रशासन ने 31 अगस्त तक गाइडलाइन प्रभावी रखी है और चुनाव 29 अगस्त को होना है। चेंबर के चुनाव अधिकारी मुकेश सेन का कहना है कि चुनाव को लेकर उनकी जिला प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा हुई थी। अधिकारियों ने मौखिक अनुमति दी थी हालांकि उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके पास चुनाव की लिखित अनुमति नहीं है। बताया जाता है कि इस संबंध में जिला प्रशासन ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच की और चुनाव पर स्थगित कर दिया है। चेंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य भूपेंद्र सिंह जाट ने एसडीएम बैरागढ़ मनोज उपाध्याय को ज्ञापन देकर चुनाव रोकने की मांग की थी। जाट ने कहा है कि चेंबर में 2962 सदस्य हैं और 53 प्रत्याशी मैदान में है। चुनाव के समय बड़ी संख्या में समर्थक और सदस्य एकत्रित हो जाएंगे ऐसे में कोरोना गाइडलाइन का पालन होना मुश्किल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *