सैलाना जेल से कैदी भागने के मामले में सहायक जेलर भी निलंबित

रतलाम
जिले की सैलाना उप जेल से भागे अपहरण व दुष्कर्म मामले के आरोपित कैदी 21 वर्षीय जस्सू उर्फ दशरथ डिंडोर पुत्र नारायण डिंडोर निवासी ग्राम उमरीपाड़ा थाना दानपुर जिला बांसवाड़ा (राजस्थान) का चार दिन भी पुलिस को सुराग नहीं मिला है। वहीं इस मामले में लापरवाही बरतने पर जेल मुख्यालय भोपाल ने सहायक जेलर भीमसिंह रावत को निलंबित कर दिया है। मामले में दो प्रहरी घटना वाले ही दिन निलंबित किए गए थे।

गौरतलब है कि आरोपित जस्सू उर्फ नारायण डिंडोर बाजना थाना क्षेत्र से के एक गांव से करीब 17 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर ले गया था तथा उससे दुष्कर्म किया था। बाजना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जस्सू को 18 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने उसे सैलाना उप जेल भेज दिया था।

वह 21 अगस्त की सुबह जेल से कर्मचारियों को चकमा देकर भाग गया था। लापरवाही बरतने पर प्रहरी शुभम बारोट व प्रभुलाल कटारे को निलंबित कर दिया गया था। उसके खिलाफ सैलाना थाना पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी पर एसपी गौरव तिवारी ने दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। जेल प्रशासन ने घटना की रिपोर्ट बनाकर भोपाल मुख्यालय भेजी थी। बुधवार को मुख्यालय से सहायक जेलर भीमसिंह रावत को निलंबित कर दिया गया।

सुरेश गोयल को सौंपा प्रभार

सक्रिल जेल अधीक्षक विद्याभूषण प्रसाद ने बताया कि जेल मुख्यालय द्वारा सैलाना उप जेल के सहायक जेलर भीमसिंह रावत को निलंबित कर उनका मुख्यालय उज्जैन किया गया है। उनके स्थान पर सहायक जेलर सुरेश गोयल को प्रभार सौंपा गया है। उधर पुलिस के अनुसार आरोपित की उसके गांव तथा उसके रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई लेकिन वह नहीं मिला। उसकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *