पाक ने फतह-1 गाइडेड मल्टी लॉन्च रॉकेट सिस्टम का टेस्ट किया

इस्लामाबाद
पाकिस्तान ने मंगलवार को फतह-1 गाइडेड मल्टी लॉन्च रॉकेट सिस्टम का टेस्ट किया है। पाकिस्तानी सेना की प्रॉपगैंडा विंग इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशन (ISPR) ने बयान जारी दावा किया है कि फतह वन का टेस्ट सफल रहा है। आईएसपीआर ने इस टेस्ट का बाकायदा वीडियो जारी किया है। जिसमें दूसरी मिसाइल के फायर होते ही पीछे से कुछ लोग अल्लाह-हू-अकबर का नारा लगाते सुनाई देते हैं।

 

फतह-1 की 140 किमी तक है रेंज
140 किलोमीटर तक मार करने वाली इस रॉकेट सिस्टम को पाकिस्तान ने स्वदेशी तकनीक से विकसित किया है। 2021 में इस सिस्टम का यह दूसरा परीक्षण है। इससे पहले 7 जनवरी को पाकिस्तान ने फतह-1 मल्टी लॉन्च रॉकेट सिस्टम का टेस्ट किया था। पाकिस्तान के पास फतह-1 नाम की एक मिसाइल भी है, जिसकी रेंज 300 किमी के आसपास है।

मिसाइल से संबंधित जानकारियों को छिपाया
इस रॉकेट सिस्टम के बारे में पाकिस्तान ने और कोई जानकारी साझा नहीं की है। इसलिए, आसानी से पाकिस्तान के दावे पर विश्वास भी नहीं किया जा सकता है। बयान में कहा गया है कि पारंपरिक विस्फोटक ले जाने वाली यह हथियार प्रणाली पाकिस्तानी सेना को दुश्मन के इलाके में सटीक निशाना लगाने की क्षमता प्रदान करेगी। इस टेस्ट को कहां किया गया है, इसे लेकर भी पाकिस्तानी सेना की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है।

रॉकेट सिस्टम बनाने में चीन का तो हाथ नहीं?
आशंका जताई जा रही है कि इस रॉकेट सिस्टम को बनाने के लिए चीन ने पाकिस्तान की सहायता की है। इसमें लगे रॉकेट गाइडेड होने के कारण अपने लक्ष्य को सटीकता के साथ भेदने में सक्षम हैं। मिसाइल की गाइडेड तकनीक काफी कम देशों के पास ही है। ऐसे में पाकिस्तान के पास ऐसी तकनीक का आना भारत के लिए चिंता की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *