श्रीराम जन्मभूमि पर फैसला देने वाले जस्टिस अशोक भूषण के घर के सामने फोड़ा बम

प्रयागराज
श्रीराम मंदिर, अयोध्या पर फैसला देने वाले सुप्रीम कोर्ट के अवकाश प्राप्त न्यायधीश जस्टिस अशोक भूषण के हाशिमपुर चौराहे पर स्थित पैतृक आवास के बाहर सोमवार की रात बमबाजी से खलबली मच गई। इस घर में जस्टिस अशोक भूषण के छोटे भाई इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल भूषण परिवार संग रहते हैं। 

जस्टिस अशोक भूषण के घर के बाहर बमबाजी से पुलिस अफसरों के भी होश उड़ गए। खबर मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूछताछ में साफ हुआ कि बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों ने घर के बाहर बमबाजी की और फरार हो गए। युवक कौन थे, उनका मकसद क्या था, इस बारे में किसी को कुछ नहीं पता। हाशिमपुर चौराहे से लेकर आसपास के इलाके में नाकेबंदी कर वाहनों की तलाशी शुरू कराई गई। हालांकि बम फोड़ सनसनी फैलाने वाले पकड़ में नहीं आ सके। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि दहशत फैलाने के लिए सुतली बम का इस्तेमाल किया गया। देर रात तक पुलिस अधिकारी आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में लगे रहे। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी ने पटाखे फोड़े थे। मामले की जांच की जा रही है। मामला इतना गंभीर है कि इस संबंध में आला अफसर तत्काल कुछ भी कहने से कतरा रहे थे। इतना ही नहीं सीओ और थाना प्रभारी के सीयूजी नंबर भी स्विच ऑफ बताने लगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *