पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, 10 ओलिंपिक हॉकी खिलाड़ियों के नाम पर रखे गए सरकारी स्कूल

चंडीगढ़

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने तोक्यो ओलिंपिक में कांस्य पदक जीता था। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने तीसरे स्थान के प्लेऑफ में जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक जीता था जो देश का ओलिंपिक में 41 साल के बाद हॉकी में पहला पदक था।

 

पंजाब सरकार ने दिया सबसे अनोखा उपहार

स्कूल शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार ने 10 स्कूलों का नाम राज्य के ओलिंपिक पदक विजेता हॉकी टीम के खिलाड़ियों के नाम पर रखा है। सिंगला ने कहा कि मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने स्कूलों का नाम बदलने को स्वीकृति दे दी है। मंत्री ने कहा कि जालंधर के मीठापुर का गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल (जीएसएसएस) का नाम हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह के नाम पर रखा गया है। स्कूल का नाम अब ओलंपियन मनप्रीत सिंह गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मीठापुर होगा।

 

इन खिलाड़ियों के नाम पर होंगे स्कूल

सिंगला ने कहा कि अमृतसर के तिमोवाल के जीएसएसएस का नाम उप कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नाम पर रखा गया है जिन्होंने ओलिंपिक में भारत की ओर से सर्वाधिक छह गोल दागे। स्कूल को अब ओलंपियन हरमनप्रीत सिंह जीएसएसएस, तिमोवाल के नाम से जाना जाएगा। आधिकारिक बयान के अनुसार मीठापुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय का नाम ओलिंपिक मनप्रीत सिंह के नाम पर रखा गया है। अमृतसर के अटारी के जीएसएसएस को अब ओलिंपियन शमशेर सिंह गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के नाम से जाना जाएगा।

 

हार्दिक-रूपिंदर के नाम पर भी स्कूल

सिंगला ने बताया कि फरीदकोट के राजकीय माध्यमिक विद्यालय (बालिका) को ओलिंपियन रूपिंदर पाल सिंह राजकीय माध्यमिक स्कूल के नाम से जाना जाएगा। जालंधर के खुसरोपुर के राजकीय माध्यमिक स्कूल का नाम ओलिंपियन हार्दिक सिंह, अमृतसर के खलाइहारा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय का नाम ओलिंपियन गुरजंत सिंह, गुरदास के चहल कलां राजकीय उच्च विद्यालय का नाम ओलिंपियन सिमरनजीत सिंह के नाम पर रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *