अतरौली लाया जा रहा कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर, नरौरा घाट पर अंतिम संस्कार

लखनऊ
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के राज्यपाल रहे कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार बुलंदशहर जनपद के नरौरा में गंगा तट पर बासी घाट पर आज किया जाएगा। इसके लिए उनका पार्थिव शरीर अतरौली ले जाया जा रहा है। सभी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। अंतिम संस्कार में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नडडा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, सीएम योगी आदित्यानाथ, उत्तराखंड के सीएम सहित कई कैबिनेट मंत्रियों के आने की संभावना है। वीवीआईपी के लिए नरौरा परमाणु केंद्र में चार हेलीपैड बनाए गए हैं। पूर्व सीएम का अंतिम संस्कार नरौरा में होने की जानकारी मिलते ही शनिवार रात मेरठ जोन एडीजी राजीव सभरवाल, आईजी प्रवीण कुमार नरौरा पहुंचे। एसएसपी संतोष कुमार सिंह के साथ अंतिम संस्कार स्थल, रूट सहित सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डीएम-एसएसपी ने नरौरा में डाला डेरा
शनिवार रात जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार व एसएसपी संतोष कुमार सिंह, सीडीओ अभिषेक पांडेय, एसडीएम डिबाई मोनिका सिंह सहित कई आला अधिकारी नरौरा पहुंचे। अंतिम संस्कार की व्यवस्था समेत सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अंतिम संस्कार से संबंधित आवश्यक निर्देश अधीनस्थों को दिए। 

अंतिम संस्कार को लेकर तैयारियां जारी : एडीएम 
एडीएम प्रशासन डॉ. प्रशांत भारती ने बताया कि पूर्व सीएम के अंतिम संस्कार को लेकर नरोरा के बासी घाट पर तैयारियां चल रही हैं। वीवीआईपी के लिए चार हेलीपैड का निर्माण कराया जा रहा है।

आसपास के जनपदों से पुलिस फोर्स और अधिकारी बुलाए 
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में वीवीआईपी समेत लाखों लोग शामिल होंगे। इसको लेकर  जनपद समेत अलीगढ़, गौतमबुद्धनगर, हापुड़ जनपद के 36 वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी की ड्यूटी लगाई है।

चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात 
जनपद के अलावा 25 एएसपी, 8 सीओ, 150 इंस्पेक्टर, 500 सिपाही, 70 ट्रैफिक पुलिस के जवान, 50 महिला सिपाही और 5 महिला एंस्पेक्टर, 30 थाना प्रभारी अन्य जनपदों से बुलाए गए हैं। मेरठ, बरेली, सहारनपुर रेंज से पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। 

 अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं में जुटेगी 36 अफसरों की टीम
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं में जनपद के 36 अधिकारियों की टीम को लगाया गया है। जिला मजिस्ट्रेट रविन्द्र कुमार ने अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। सीडीओ अभिषेक पांडेय अंत्येष्टि स्थल की सभी व्यवस्थाएं एवं कानून व्यवस्था एडीएम प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर देखेंगे। लोनिवि के अधीक्षण अभियंता हर स्वरूप पर हैलीपैड स्थल पर चार हैलीपैड का निर्माण व दो स्विस कॉटेज तथा अंत्येष्टि स्थल पर पायर के निर्माण की जिम्मेदारी होगी। साथ ही एनएपीपी से टाउनशिप चौराहे तक सड़क की मरम्मत और प्रत्येक गेस्ट हाउस पर एक-एक जेई की तैनाती करेंगे।
 इसके अलावा कार्यक्रम स्थल, हैलीपैड, अंत्येष्टि स्थल पर जर्मन हैंगर एवं वीआईपी स्टाल लगवाना, तकनीकी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना तथा सभी स्थलों पर आश्यकता अनुसार बैरिकेटिंग कराना होगा। भरत राम अधिशासी अभियंता नरौरा खंड अलीगढ़ को साफ-सफाई से लेकर सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, जलभराव को ठीक कराने तथा शीश महल गेस्ट हाउस को सुसज्जित कराने व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। विनीता सिंह प्रभारी निदेशक सामाजिक वानिकी को अंत्येष्टि के लिए लकड़ी, चंदन की लकड़ी के अलावा अन्य सामग्री की व्यवस्था करना, शव यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर अवरुद्ध करने वाले पेड़ की शाखाओं की कटाई आदि की जिम्मेदारी दी गई है। जिला उद्यान अधिकारी नंद किशोर ओर जिला विकास अधिकारी सुभाष नेमा को अंत्येष्टि स्थल पर पर्याप्त फूलों की व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न व्यवस्थाओं में लगाया गया है। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *