कोलकाता के स्वास्थ्य क्लीनिकों में अब रोज लगाया जाएगा कोविड का टीका

कोलकाता 
कोलकाता नगर निगम (केएमसी) सोमवार से अब सप्ताह में सातों दिन महानगर के स्वास्थ्य क्लीनिकों में कोविड-19 के टीके लगाएगा। शहर में टीके की दूसरी खुराक के मुकाबले पहली खुराक लेने वालों की संख्या ज्यादा होने की बात स्वीकार करते हुए केएमसी के प्रशासक मंडल के चेयरमैन व राज्य के परिवहन मंत्री फिरहाद हकीम ने उक्त जानकारी दी।हकीम ने कहा कि स्थानीय निकाय के पास प्रतिदिन एक लाख लोगों को टीका लगाने की क्षमता है। पहले टीकाकरण अभियान के तहत सप्ताह में एक दिन टीका लगाया जा रहा था। हकीम ने यहां संवाददाताओं से कहा, टीके की पहली खुराक लगवाने के लिए स्वास्थ्य क्लीनिक पहुंचने वालों की संख्या दूसरी खुराक लगवाने वालों की संख्या में ज्यादा है। हम पहली खुराक लगवाने वालों की संख्या का प्रबंधन नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहली खुराक सुबह में लगाई जाएगी जबकि दूसरी खुराक अपराह्न तीन बजे के बाद लगाई जाएगी। बता दें कि बंगाल में अभी तक कम से कम 3,57,27,819 (साढ़े तीन करोड़ से ज्यादा) लोगों को टीका लगाया गया है।

वहीं, राज्य सरकार वैक्सीन की कमी को लेकर लगातार केंद्र सरकार पर आरोप लगाती रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसको लेकर कई बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भी लिख चुकी हैं जिसमें उन्होंने भाजपा शासित राज्यों के मुकाबले बंगाल को कम वैक्सीन की खुराक दिए जाने का मुद्दा उठाया था। गौरतलब है कि टीके की कमी के कारण राज्य के कई स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण अभियान को भी रोकना पड़ा था। अभी भी राज्य भर में कई केंद्रों पर टीकाकरण अभियान प्रभावित है। इसके चलते लोगों को काफी असुविधाओं का भी सामना करना पड़ रहा है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *