गुरुग्राम:रक्षाबंधन पर बहनों को तोहफा, महिलाओं और बच्चों के लिए रोडवेज में दो दिन मुफ्त सफर

गुरुग्राम 
हरियाणा रोडवेज की बसों में शनिवार दोपहर 12 बजे से महिलाएं अपने 15 साल तक के बच्चों के साथ दो दिन तक मुफ्त सफर कर सकेंगी। रक्षाबंधन के मद्देनजर सरकार ने रोडवेज की बसों में राखी पर महिलाओं को फ्री सफर का तोहफा दिया है। इसके लिए परिवहन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 15 वर्ष तक के बच्चों का भी नहीं नहीं लगेगा किराया : हरियाणा राज्य की सीमा में कहीं भी महिलाएं और उनके साथ उनके 15 साल तक की उम्र के बच्चे रोडवेज की बसों में रविवार रात 12 बजे तक मुफ्त सफर कर सकते हैं। वहीं, राखी के मद्देनजर दो दिन के लिए रोडवेज विभाग ने आगरा रूट और सराय काले खां रूट पर पांच-पांच बसें और दो बसें मथुरा रूट पर बढ़ाने का फैसला लिया है। रक्षाबंधन का पर्व मनाने के लिए जो बहनें दूर-दराज के क्षेत्रों में रहती हैं, उन्होंने भाइयों के घर पहुंचना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को भी बस अड्डे पर यात्रियों की भारी भीड़ रही। बसअड्डे पर आनी वाली बसों के अलावा बसअड्डे से बनकर चलने वाली बसों में भी यात्रियों की भारी भीड़ रही।

बसों के सुचारू संचालन के निर्देश दिए : रक्षाबंधन पर महिलाओं को आने जाने में किसी तरह की तकलीफ न हो इसके लिए सरकार ने उन्हें रोडवेज बसों में हरियाणा सीमा में मुफ्त सफर करने की भी सौगात दी है। सभी डिपो के महाप्रबंधकों ने शुक्रवार को डिपो के कर्मचारियों के साथ बैठक करके उन्हें रक्षाबंधन पर बसों का सुचारू संचालन करने के दिशा निर्देश भी दिए। गुरुग्राम डिपो के जीएम कुलबीर सिंह ढाका ने बताया कि महिलाओं सहित अन्य यात्रियों को रक्षाबंधन पर किसी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए ज्यादा से ज्यादा बसों का संचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगरा रूट पर पहले पांच बसें चल रही थी, शनिवार और रविवार को इस रूट पर पांच बसें और चलाई जाएंगी। यानी आगरा रूट पर दो दिन के लिए दस बसें चलेंगी। इसी तरह पांच बसें सराय काले खां के लिए चलाई गई हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक चंडीगढ़ जाने वाली 14 बसें सराय काले खां होकर जा रही हैं। इनके अलावा पांच बसें केवल सराय काले खां तक के लिए और चला दी हैं।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *