किसी भी दिन हो सकती है निगम-मंडल की लिस्ट जारी

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश संगठन के साथ चर्चा के बाद निगम-मंडल में नियुक्त किए जाने वाले अध्यक्ष व उपाध्यक्षों की सूची तैयार कर ली है। अब किसी भी दिन अध्यक्ष, उपाध्यक्ष की ताजपोशी वाले नेताओं की सूची जारी हो सकती है। यह सूची एक साथ जारी नहीं होगी बल्कि अलग-अलग आएगी। इसकी जानकारी के बाद ताजपोशी की बाट जोह रहे नेताओं को अब विभागों से आदेश निकलने का इंतजार है।
विभिन्न विभागों के निगम, मंडल, बोर्ड और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों में चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन बनाए जाने के लिए सीएम चौहान अब किसी भी दिन निर्देश दे सकते हैं। इसकी सूची सभी पार्टी नेताओं व वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मंथन के बाद तैयार है। सूत्र बताते हैं कि किस नेता को कौन से निगम, मंडल, आयोग, बोर्ड में चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन बनाया जाना है। यह सब फाइनल हो चुका है। इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद पिछले दिनों कोलार डैम के गेस्ट हाउस में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ नौ घंटे तक मंथन बैठक हुई थी। निगम मंडल में नियुक्ति के लिए टकटकी लगाकर इंतजार करने वालों में भाजपा के मैदानी कार्यकर्ताओं के अलावा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए और शिवराज सरकार में मंत्री रहे इमरती देवी, गिरार्ज दंडोतिया, एदल सिंह कंसाना के भी नाम हैं।

भाजपा के चार मोर्चा के पदाधिकारियों की सूची भी जल्द
उधर प्रदेश संगठन की सहमति के बाद भाजपा एससी, एसटी और महिला मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यसमिति की घोषणा कर दी गई है जबकि अभी युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा समेत चार मोर्चा की कार्यकारिणी और कार्यसमिति की घोषणा किया जाना है। साथ ही प्रकोष्ठ के संयोजकों के नाम का भी ऐलान किया जाना है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के खंडवा, अलीराजपुर दौरे से लौटने के बाद जल्द ही इन मोर्चा और प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी और संयोजकों के नाम का ऐलान भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *