‘लॉर्ड्स में भारत से डरा नजर आया इंग्लैंड, विराट कोहली ने रूट एंड कंपनी को खूब उकसाया’

 नई दिल्ली 
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 25 अगस्त से खेला जाना है। सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच सोमवार को लॉर्ड्स में खत्म हुआ, जिसे टीम इंडिया ने 151 रनों से अपने नाम किया। इंग्लैंड को इस हार की टीस कई सालों तक रहेगी क्योंकि भारत ने मैच के आखिरी दिन जिस तरह से वापसी की, उसके बारे में शायद ही किसे ने सोचा होगा। लॉर्ड्स के ऐतिहासिक क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच के आखिरी दिन जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के बीच 89 रनों की अटूट साझेदारी देखने को मिली और इसके बाद इंग्लैंड 60 ओवर भी दूसरी पारी में टिक नहीं सका। इंग्लैंड के मशहूर ब्रॉडकास्टर डेविड लॉयड ने इस हार को लेकर मेजबान टीम की जमकर आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मैच के दौरान इंग्लैंड के खिलाड़ी टीम इंडिया से डरे हुए नजर आए और कप्तान विराट कोहली ने पूरी टीम को खूब उकसाया।

लॉयड ने कहा, 'लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड टीम भारत से डरी नजर आई और विराट कोहली रूट एंड कंपनी को उकसाते नजर आए। वे इससे निपट ही नहीं पाए। तो अब इंग्लैंड टीम को कमर कसनी होगी और सीरीज में वापसी करनी होगी।' इंग्लैंड को मैच के आखिरी दिन 60 ओवर में 272 रनों का टारगेट मिला था, जिसके जवाब में पूरी टीम 51.5 ओवर में 120 रनों पर सिमट गई। लॉयड ने कहा, 'टीम को पता होगा कि उन्होंने अच्छा खेल नहीं दिखाया और कोच भी उनसे कह रहे होंगे कि उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।'

लॉयड ने कहा कि विराट और टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री को पता था कि वह इस तरह से इंग्लैंड को परेशान कर सकते हैं। लॉयड ने कहा, 'कोहली और शास्त्री को पता था कि वे इंग्लैंड को परेशान कर सकते हैं। इंग्लैंड के खिलाड़ी काफी सीधे-साधे नजर आए।' सीरीज में वापसी को लेकर लॉयड ने कहा कि इंग्लैंड में वापसी करने का जज्बा है, लेकिन इसके लिए टीम को सही प्लेइंग XI चुनना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *