तालिबान ने भारत के साथ आयात-निर्यात पर रोक लगाई

 नई दिल्ली

अफगानिस्तान (Afghanistan) पर तालिबान (Taliban) के कब्जा होने के साथ ही अब उसके साथ पड़ोसी या अन्य देशों का संबंध भी बदलने लगा है. भारत और अफगानिस्तान गहरे दोस्त रहे हैं, लेकिन तालिबान ने सत्ता पर काबिज होते ही भारत (India) के साथ आयात और निर्यात (Export-Import) दोनों ही बंद कर दिया है. फेडरेशन ऑफ इंडिया एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन के डॉ. अजय सहाय ने इस बात की पुष्टि की है.

 डॉ. अजय सहाय ने कहा कि तालिबान ने इस वक्त सभी कार्गो मूवमेंट को रोक दिया है. हमारा माल अक्सर पाकिस्तान के रास्ते ही सप्लाई होता था, जो अभी रोक दिया गया है. अफगानिस्तान की स्थिति पर हमारी नज़र बनी हुई है, ताकि हम सप्लाई को शुरू कर सकें. लेकिन मौजूदा वक्त में तालिबान ने एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट रोक दिया है.

भारत और अफगानिस्तान में बड़े स्तर पर होता है ट्रेड

डॉ. अजय सहाय के मुताबिक, बिजनेस के मामले में भारत अफगानिस्तान का सबसे बड़ा पार्टनर है. साल 2021 में ही हमारा एक्सपोर्ट 835 मिलियन डॉलर था, जबकि 510 मिलियन डॉलर का इम्पोर्ट है. इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट के अलावा भारत द्वारा अफगानिस्तान में बड़े स्तर पर इनवेस्टमेंट भी किया गया है, जिसमें करीब 400 योजनाओं में 3 बिलियन डॉलर इन्वेस्टमेंट है.

बता दें कि भारत चीनी, चाय, कॉफी, मसाला समेत अन्य चीज़ें एक्सपोर्ट करता है, जबकि बड़े स्तर पर ड्राई फ्रूट्स, प्याज वगैरह इम्पोर्ट किए जाते हैं. ऐसे में आने वाले दिनों मे ड्राई फ्रूट्स के दाम बढ़ सकते हैं. आपको बता दें कि वैसे तो तालिबान ने ऐलान किया था कि वह भारत से अच्छे संबंध चाहता है, साथ ही भारत यहां पर जारी अपने सभी काम और निवेश को बिना किसी दिक्कत के पूरा कर सकता है.

हालांकि, अब ट्रेड बंद होने से दोनों देशों के बीच समस्या पैदा हो गई है. लेकिन तालिबानी प्रवक्ता ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि एक बार सरकार बनने के बाद सभी चीजें साफ हो जाएंगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *