जेवर में जहरीली शराब से तीन मौत होने के बाद, आमने-सामने आई अलीगढ़-नोएडा पुलिस 

 अलीगढ़ 
जेवर में जहरीली शराब से तीन मौत होने के बाद अलीगढ़ और नोएडा पुलिस आमने-सामने आ गई है। अलीगढ़ के जिला आबकारी अधिकारी ने जेवर पुलिस पर आरोप लगाया कि शराब कांड में अलीगढ़ को साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उनका कहना है कि जिस देशी शराब की अलीगढ़ से बरामदगी दिखायी जा रही है, उस शराब की नोएडा के ठेके के नाम पर निकासी जुलाई माह में हुई है। 

बता दें कि अलीगढ़ के लोहागढ़ निवासी विजय कुमार पुत्र खिच्चू सिंह, जिला मथुरा निवासी दो सगे भाई जुग्गो और विज्जो पुत्र बाबूलाल सोमवार को टप्पल क्षेत्र के गांव से प्लास्टिक का सामान बीनने गये थे। बताया जा रहा है कि गांव नूरपुर के समीप बंबे रजवाहे पर कूड़ा करकट बीनने के दौरान उन्हें एक प्लास्टिक के कट्टे में भरे देशी शराब के पव्वे दिखाई दिये। 

तीनों ने कट्टे से शराब निकाली और पी गए। बची शराब लेकर घर आ गए। इसके बाद तीनों ने मिलकर जेवर में आकर भी शराब का सेवन किया। उपचार के दौरान एक-एक कर तीनों ने दम तोड़ दिया। नोएडा पुलिस के मुताबिक दम तोड़ने से पहले मजदूरों ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र में नहर में पड़ी मिली शराब का सेवन किया था। 
 
इसकी जानकारी जब अलीगढ़ पुलिस को हुई तो अलीगढ़ पुलिस की टीमों ने आबकारी विभाग के साथ मौके पर जाकर पड़ताल की। अलीगढ़ आबकारी विभाग ने अपनी पड़ताल में पाया कि जिस शराब को अलीगढ़ में पड़ी होना बताया गया है, उसका क्यूआर कोड स्कैन करने पर सामने आया है कि उक्त देशी शराब की निकासी नोएडा के भट्टा पारसौल ठेके के लिए जुलाई माह में हुई है। 

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जेवर पुलिस अपनी कमी को छुपाने के लिए अलीगढ़ के सिर ठीकरा फोड़ रही है। उन्होंने जेवर पुलिस पर साजिश के तहत फंसाने का आरोप तक लगाया। ऐसे में अब नोएडा और अलीगढ़ पुलिस इस जहरीली शराब कांड को लेकर आमने-सामने आ गई है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *