ICC Test rankings में कोहली पांचवें स्थान और केएल राहुल 37वें स्थान पर पहुंच गए

दुबई

सलामी बल्लेबाज केएल राहुल आईसीसी की बल्लेबाजों की नवीनतम रैंकिंग में 19 स्थान के फायदे से 37वें स्थान पर पहुंच गए हैं. राहुल ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए सीरीज के दूसरे टेस्ट में शानदार शतक जमाया था. कप्तान विराट कोहली पांचवें स्थान के साथ शीर्ष भारतीय बल्लेबाज बने हुए हैं.

पिछले हफ्ते 56वें स्थान के साथ रैंकिंग में दोबारा प्रवेश करने वाले राहुल ने पहली पारी में 129 रन बनाकर इंग्लैंड के खिलाफ भारत की 151 रनों की जीत में अहम भूमिका निभाई.

पिछले हफ्ते एक स्थान का नुकसान झेलने वाले कोहली पांचवें स्थान पर बने हुए हैं. सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने भी अपना छठा और सातवां स्थान बरकरार रखा है.

भारत के खिलाफ सीरीज की शुरुआत पांचवें स्थान से करने वाले और पहले टेस्ट के बाद कोहली को पीछे छोड़ने वाले इंग्लैंड के कप्तान जो रूट दो और स्थान के फायदे से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. उनके 893 रेटिंग अंक हैं, जो शीर्ष पर चल रहे न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन से सिर्फ आठ कम हैं.

भारत के रवींद्र जडेजा टेस्ट ऑलराउंडरों की सूची में एक स्थान नीचे तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं. भारत के ही रविचंद्रन अश्विन इस सूची में चौथे स्थान पर हैं.

गेंदबाजों की सूची में भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह एक स्थान के नुकसान से 10वें स्थान पर हैं, जबकि लॉर्ड्स टेस्ट की दोनों पारियों में चार-चार विकेट चटकाने वाले उनके साथी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज 18 स्थान के फायदे से 38वें स्थान पर पहुंच गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *