SBI लोन की ब्याज दरों में 0.75% तक की छूट, प्रोसेसिग फीस भी माफ

नई दिल्ली
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ग्राहकों पर ऑफर्स की बारिश की है। ये ऑफर्स एसबीआई के विभिन्न लोन्स पर दिए जा रहे हैं। बैंक अपने होम लोन पर प्रोसेसिंग फीस से पहले ही छूट दे चुका है। अब एसबीआई ने कार लोन और गोल्ड लोन के लिए ऑफर निकाला है। इसके अलावा पर्सनल और पेंशन लोन कस्टमर्स के लिए भी ऑफर है। रिटेल डिपॉजिटर्स के लिए बैंक प्लेटिनम टर्म डिपॉजिट्स लेकर आया है।

एसबीआई ने कार लोन पर प्रोसेसिंग फीस से 100 फीसदी छूट की घोषणा की है। इसका फायदा बैंक के विभिन्न चैनल्स के माध्यम से लोन कार लोन लेने वाले ग्राहक ले सकते हैं। इसके अलावा कार लोन लेने वालों को कार के ऑन रोड प्राइस के 90 फीसदी तक फाइनेंस की भी पेशकश की जा रही है। जो लोग योनो ऐप से कार लोन के लिए अप्लाई करेंगे, उन्हें ब्याज दर में 0.25 फीसदी की विशेष छूट मिलेगी। योनो एसबीआई यूजर्स के मामले में नई कार के लिए लोन की ब्याज दर 7.5 फीसदी सालाना से शुरू है।

भारतीय स्टेट बैंक की ओर से जारी बयान के मुताबिक, एसबीआई से गोल्ड लोन लेने वालों के लिए ब्याज दर में 0.75 फीसदी की कटौती की पेशकश की जा रही है। ग्राहक एसबीआई के विभिन्न चैनल्स के माध्यम से 7.5 फीसदी सालाना की दर पर गोल्ड लोन ले सकते हैं। योनो एसबीआई से गोल्ड लोन के लिए अप्लाई करने वालों को प्रोसेसिंग फीस से छूट होगी।

एसबीआई के विभिन्न चैनल्स से पर्सनल और पेंशन लोन लेने वालों को बैंक प्रोसेसिंग फीस में 100 फीसदी की छूट देगा। इसके अलावा एसबीआई ने पर्सनल लोन के लिए अप्लाई करने वाले कोविड वॉरियर्स जैसे फ्रंटलाइन हेल्थकेयर वर्कर्स के मामले में ब्याज दर में 0.50 फीसदी की स्पेशल छूट की घोषणा की है। ऐसी ही छूट कोविड वॉरियर्स को जल्द ही कार और गोल्ड लोन के लिए भी मिलेगी।

रिटेल डिपॉजिटर्स के लिए एसबीआई आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर प्लेटिनम टर्म डिपॉजिट्स लेकर आया है। इसके तहत ग्राहक 75 दिन, 75 सप्ताह और 75 महीने के टर्म डिपॉजिट्स पर 0.15 फीसदी तक का अतिरिक्त ब्याज हासिल कर सकते हैं। यह फायदा 15 अगस्त से लेकर 14 सितंबर 2021 तक लिया जा सकता है। एसबीआई के एमडी (रिटेल और डिजिटल बैंकिंग) सीएस शेट्टी का कहना है कि इन पेशकशों से बैंक के ग्राहक लोन पर अधिक बचत कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *