CM नीतीश बोले- PMO को मिल गया पत्र, PM से मुलाकात की तारीख तय नहीं

पटना  
जातिगत जनगणना को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर मुलाकात करने का वक्त मांगा था, हालांकि, अभी मुलाकात की तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन मुख्यमंत्री का पत्र पीएमओ को प्राप्त हो चुका है। खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बात की जानकारी दी। पटना में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय को मेरा पत्र मिल चुका है। प्रधानमंत्री के साथ मिलने का दिन तय नहीं हुआ है। बता दें कि इसी महीने के पहले हफ्ते में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर जातिगत जनगणना कराने की मांग की थी। साथ ही मिलने का समय मांगा था।

वहीं, दूसरी ओर बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष  तेजस्वी यादव ने जातिगत जनगणना की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। तेजस्वी ने सरकार से इस मुद्दे पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। पिछले दिनों तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि पीएम मोदी ने जातिगत जनगणना पर बैठक नहीं कर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अपमान किया है, जबकि पीएम अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात कर रहे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर बैठक करने का अनुरोध किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *