प्रभारी मंत्री अमरजीत सिंह भगत ने डोंगरगांव में 30 बिस्तर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नए भवन का किया लोकार्पण

राजनांदगांव
जिले के प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी, संस्कृति मंत्री अमरजीत सिंह भगत ने आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर डोंगरगांव में 2 करोड़ 50 लाख रूपए की लागत से 30 बिस्तर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नए भवन का लोकार्पण किया। मंत्री भगत ने कहा कि डोंगरगांव में नये सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन बनने से स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोत्तरी होगी और जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से ज्यादा से ज्यादा लोग लाभान्वित होंगे। इस अवसर पर उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए अपने जीवन का बलिदान देने वाले सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करता हूं। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपने जीवन का बलिदान देकर हमें आजादी दिलाई है, उसे अक्षुण्य बनाए रखना हमारा कर्तव्य है। सभी वर्ग के लोगों ने देश को आजाद कराने के लिए त्याग किया है। उन्होंने कहा कि हम किसान हैं और छत्तीसगढ़ की पहचान खेती-किसानी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कर्ज माफी, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, बिजली बिल हाफ तथा नए जिले व नए तहसीलों की घोषणा की है, जिससे विकास कार्यों की गति बढ़ी है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर सांसद संतोष पाण्डेय उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं विधायक डोंगरगांव दलेश्वर साहू ने कहा कि नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगांव निवासियों के लिए सौभाग्य है। स्वास्थ्य केन्द्र भवन का निर्माण सभी सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया गया है। यहां के नागरिक उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग कर लाभ लेगें। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मोहला-मानपुर को नए जिला और नए तहसील निर्माण की घोषणा की है, इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

उल्लेखनीय है कि नवनिर्मित भवन के भू-तल में पंजीयन-पूछताछ डेस्क, मितानीन हेल्प डेस्क, फार्मेसी कक्ष, लेबर रूम, बाह्यरोगी कक्ष, नवजात देखभाल कक्ष, पोस्ट  लेबर रूम, नवजीवन स्वागत कक्ष, प्री लेबर रूम, नर्स ड्यूटी कक्ष, डॉक्टर ड्यूटी कक्ष, आयुष्मान पंजीयन एवं कियोस्क शाखा, बाह्य रोग ओपीडी, एक्स-रे कक्ष, पैथोलॉजी, सेम्पल कलेक्शन कक्ष, पैथोलॉजी लैब, ड्रेसिंग रूम, माईनर ओटी, केजुअलटी वार्ड बनाया गया है। वही प्रथम तल में पुरूष वार्ड, आपरेशन थियेटर, नर्सिंग स्टेशन, महिला वार्ड, डॉक्टर चेजिंग रूम, नर्स चेजिंग रूम, प्री ओटी कक्ष, स्क्रब कक्ष, आटोक्लेव कक्ष, पोस्ट ओटी कक्ष बनाया गया है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष धनेश पाटिला, जनपद पंचायत अध्यक्ष टीकेश साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष हीरा निषाद, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सुयश नाहटा, उपाध्यक्ष नगर पंचायत ललित लोढा, पद्म कोठारी, कुलबीर छाबड़ा एवं कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा, पुलिस अधीक्षक डी श्रवण, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, एसडीएम डोंगरगांव हितेश पिस्दा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *