यूएनजीए के अनंतिम सूची के मुताबिक मोदी 25 सितंबर की सुबह उच्च स्तरीय सत्र में देंगे भाषण

संयुक्त राष्ट्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के उच्च स्तरीय वार्षिक सत्र को 25 सितंबर को व्यक्तिगत रूप से संबोधित कर सकते हैं। संयुक्त राष्ट्र की ओर से जारी वक्ताओं की अनंतिम सूची में उनका नाम शामिल है। हालांकि सूची और कार्यक्रम में बदलाव हो सकता है।

कोरोना के मद्देनजर व्यक्तिगत मौजूदगी आगे के हालात पर निर्भर करेगी
जानकारी के अनुसार उच्च स्तरीय वार्षिक सत्र के लिए यहां संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में विश्व नेताओं की मौजूदगी कोविड-19 की वैश्विक स्थिति पर निर्भर करेगी। खासकर बेहद संक्रामक डेल्टा स्वरूप के अमेरिका व संयुक्त राष्ट्र सदस्य देशों में तेजी से फैलने के मद्देनजर बैठक में व्यक्तिगत मौजूदगी आगे की स्थितियों पर निर्भर करेगी।

यूएनजीए के 76वें सत्र में आम चर्चा के लिए वक्ताओं की पहली अनंतिम सूची के मुताबिक, मोदी 25 सितंबर की सुबह उच्च स्तरीय सत्र में भाषण देंगे। वह उस दिन के लिए सूचीबद्ध पहले नेता हैं।

इससे पहले 2019 में, मोदी उच्च स्तरीय यूएनजीए सत्र के लिए न्यूयॉर्क गए थे। आम चर्चा 21 सितंबर से शुरू होगी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन व्यक्तिगत रूप से सत्र को संबोधित करने वाले हैं। अमेरिकी नेता के रूप में विश्व संगठन में उनका पहला संबोधन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *