कई लोकल ट्रेन नहीं हुई हैं अभी चालू,50 हजार यात्री प्रभावित होंगे

बीना
रक्षाबंधन पर्व पर जंक्शन पर आने और बाहर जाने वाले भाई-बहनों को खासी दिक्कतों को सामना करना पड़ सकता है। दरअसल रेलवे की ओर से कोरोना संक्रमण के चलते कई ट्रेनों को 2020 में बंद कर दिया था, इनमें से करीब एक दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण ट्रेनों को रेलवे की ओर से अभी तक शुरू नहीं किया गया। ट्रेनें बंद होने से इस त्योहारी सीजन में करीब 50 हजार यात्री प्रभावित होंगे और बसों में भीड़भाड़ रहेगी। साथ ही ज्यादा किराया भी देना होगा। इस साल रक्षाबंधन पर कोरोना संक्रमण का असर कम होने के चलते लोगों का आना जाना ज्यादा रहेगा।

यह महत्वपूर्ण ट्रेनें अभी नहीं हुई शुरू
अभी तक रेलवे ने कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को चालू नहीं किया है, जिसमें भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस, भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस, बीना-गुना पैजेंजर, बीना-कोटा पैसेंजर, बीना-झांसी पैसेंजर, बीना-दमोह पैसेंजर, बीना-ग्वालियर पैसेंजर सहित करीब एक दर्जन ट्रेनें शामिल हैं। यह ट्रेनें विभिन्न शहरों के बीच संचालित होती है। ट्रेनें पर्याप्त नहीं होने के कारण सागर, दमोह, गुना, अशोकनगर, गंजबासौदा, विदिशा, कोटा के लिए आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

अभी तक अतिरिक्त ट्रेनें व कोच की नहीं की घोषणा
रेलवे की ओर से रक्षाबंधन को देखते हुए अभी तक अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें व कोच लगाने के संबंध में घोषणा नहीं की गई है। जबकि रक्षाबंधन को लेकर लोग अभी से आने-जाने लगे हैं। इसके चलते ट्रेनों व स्टेशनों पर खासी भीड़ भी देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *