मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा-सितंबर तक बाढ़ के लिए रहें अलर्ट  

 वाराणसी।  
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर और भदोही के जिला प्रशासन को बाढ़ के मद्देनजर सितंबर तक अलर्ट रहने की हिदायत दी है। गुरुवार को सर्किट हाउस में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बाढ़ एवं राहत कार्यों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड, राजस्थान, बुंदेलखंड क्षेत्र आदि में भारी वर्षा का प्रभाव गंगा में पड़ता है। उसका असर वाराणसी व आसपास के जिलों तक दिखता है। इस बार भी वही स्थिति है। इसलिए सितंबर तक बाढ़ के खतरों से अलर्ट रहें। इससे पहले मुख्यमंत्री ने बनारस में मोटरबोट से चार किमी तक बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। राहत शिविरों में पीड़ितों का हाल जाना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धन की कमी नहीं है। इसलिए एक भी बाढ़ प्रभावित राहत सामग्री से वंचित न रहे। प्रभावित क्षेत्रों में नावों, भोजन-दवा, एलपीजी सिलेंडर आदि की समुचित व्यवस्था का निर्देश देते हुए सीएम ने कहा कि लोगों को गर्म पानी के सेवन के प्रति जागरूक करें। राहत शिविरों में महिलाओं व बालिकाएं के प्रति सतर्कता रखें। महिला आरक्षी लगाएं। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद स्वास्थ्य, पंचायत व नगर विकास को सतर्क रहना होगा। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने राहत कार्यों के लिये जिला प्रशासन की तारीफ की।
 
मुख्यमंत्री को बताया गया कि बाढ़ से सर्वाधिक मिर्जापुर के 404 गांव प्रभावित हुए हैं। उनमें 141 में आबादी प्रभावित है। सीएम ने मिर्जापुर के डीएम से कहा कि सर्वेक्षण के दौरान चुनार क्षेत्र में नाव नहीं दिखी। वहां तत्काल व्यवस्था करें।

नोडल अधिकारी तैनात करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में कमांड कंट्रोल रूम का अच्छा उपयोग हुआ था, इसका बाढ़ राहत, सूचना के आदान-प्रदान में उपयोग कर सकते हैं। कहा कि हर बाढ़ प्रभावित गांव के लिए अलग नोडल अधिकारी नियुक्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *