रक्षाबंधन पर नीतीश सरकार ने बहनों को दिया तोहफा, सिटी सर्विस की बसों में फ्री में कर सकेंगी यात्रा

 पटना 
बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने रक्षाबंधन यानी 22 अगस्त के दिन बहनों को मुफ्त सफर का तोहफा दिया है। राखी के दिन महिलाएं बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की सिटी सर्विस की बसों में फ्री में यात्रा कर सकेंगी। उन्हें राखी वाले दिन बस में सफर करने के लिए किसी तरह का किराया नहीं देना है।

बिहार सरकार में परिवहन विभाग की मंत्री शीला कुमारी ने बताया कि सिटी सर्विस की बसों में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने और सुरक्षित सफर के लिए रक्षाबंधन के मौके पर विशेष। सुविधा प्रदान की जाएगी। कई संगठनों ने रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा के लिए अनुरोध किया था।

बिहार सरकार के परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम राजधानी में 125 सिटी सर्विस बसों का परिचालन कर रहा है। इसमें से 70 सीएनजी और 14 इलेक्ट्रिक बसें हैं। इन सभी बसों में रक्षाबंधन के दिन महिलाओं और युवतियों को मुफ्त सफर की सेवा मिलेगी।

बता दें कि सिटी बसों में सफर करने के लिए महिलाओं को पहले से ही मंथली पास में विशेष छूट मिली हुई है। इसके अलावा सभी बसों में 65 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। बस में सफर के दौरान महिलाएं सुरक्षित रहें इसी वजह से बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही कई अन्य सुविधाएं प्रदान की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *