मां-बेटी ने सीट के लिए मचाया ऐसा कोहराम, एक घंटे खड़ी रही फ्लाइट

नई दिल्ली
अक्सर ऐसा होता है जब बस की सीट या अन्य सरकारी वाहनों की सीट के लिए बवाल हो जाता है, यहां तक कि मारपीट भी हो जाती है। बड़े शहरों में ये घटनाएं होती रहती हैं लेकिन सोचिए फ्लाइट की सीट के लिए अगर बवाल हो जाए तो यह बड़ी बात होगी। अमेरिका से ऐसा एक मामला सामने आया है जहां मां-बेटी जब फ्लाइट में घुसी तो वहां सीट के लिए कोहराम मचा दिया। हालत ये हो गई कि फ्लाइट एक घंटे तक एयरपोर्ट पर खड़ी रही। दरअसल, यह घटना साउथवेस्ट एयरलाइंस की है। 'द मिरर' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो हवाई अड्डे से मां-बेटी सफर करने के लिए फ्लाइट में सवार हुईं। पहले तो दोनों ही विमान में देरी से आईं, इसके बाद वे अन्य यात्रियों से सीट छोड़ने की मांग करने लगीं. इसके बाद दोनों गुस्सा हो गईं। देखते ही देखते फ्लाइट में हलचल बढ़ गई। एक क्रू मेंबर ने दोनों को समझाया लेकिन मां-बेटी किसी की बात सुनने के लिए तैयार नहीं थी। सीट बदलने की जिद पर अड़ीं मां-बेटी की वजह से फ्लाइट एक घंटे तक एयरपोर्ट पर खड़ी रही। दोनों ने चिल्लाना शुरू कर दिया और यात्रियों को धमकाने लगीं। इस पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, मां-बेटी ऐसे विमान में सवार हुईं, जिसमें सीटें नहीं बची थीं। हालांकि फ्लाइट अटेंडेंट ने उनसे कहा कि वे किसी भी यात्री से सीट छोड़ने के लिए नहीं कह सकते हैं, क्योंकि विमान में पहले आओ पहले पाओ के नियम के अनुसार पर सीट मिलती हैं। फिलहाल इन दोनों की वजह से फ्लाइट एक घंटे तक रुकी रही, जिसकी वजह से अन्य यात्री परेशान हो रहे थे। इसके बाद उन दोनों को इस विमान से उतार दिया गया। इतना ही नहीं दोनों के फ्लाइट से उतरने पर अन्य यात्रियों ने इतनी राहत महसूस की और सभी ने तालियां बजाईं।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *