अक्षय ने बताया कब होगी उनकी नयी मूवी रिलीज़

बॉलिवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार (Akshay Kumar) साल में सबसे ज्यादा फिल्में देने वाले ऐक्टर माने जाते हैं। हालांकि कोरोना वायरस के कारण हुए लॉकडाउन में अक्षय की फिल्मों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया। पिछले साल हुए लॉकडाउन के बाद से अक्षय कुमार की केवल एक फिल्म 'लक्ष्मी' ऑनलाइन रिलीज की गई थी। अब एक बार फिर थिएटर्स खुलने के बाद अक्षय कुमार की फिल्म 'बेल बॉटम' (Bell Bottom) 19 अगस्त को रिलीज होने जा रही है। अब लग रहा है कि एक बार फिर अक्षय कुमार की फिल्में धड़ाधड़ रिलीज होंगी।

हाल में 'बॉलिवुड लाइफ' से बात करते हुए अक्षय कुमार ने बताया कि उनकी आने वाली तीन फिल्मों की शूटिंग खत्म हो चुकी है। इन फिल्मों में 'रक्षा बंधन' (Raksha Bandhan), 'अतरंगी रे' (Atrangi Re) और 'राम सेतु' (Ram Setu) शामिल हैं। अक्षय ने बताया कि इस साल उनकी 4 फिल्में आनी चाहिए। अभी तक ऐसा लग रहा है कि 'बेल बॉटम' के बाद ये तीनो ही फिल्में इस साल रिलीज हो सकती हैं। इन तीनों फिल्मों में से 'अतरंगी रे' और 'रक्षा बंधन' का डायरेक्शन आनंद एल राय ने किया है। 'अतरंगी रे' में अक्षय के साथ धनुष और सारा अली खान हैं जबकि 'रक्षा बंधन' में उनके साथ भूमि पेडनेकर नजर आएंगी।

अक्षय की फिल्म 'राम सेतु' का डायरेक्शन अभिषेक शर्मा ने किया है जो इससे पहले 'तेरे बिन लादेन', 'परमाणु' और 'सूरज पे मंगल भारी' जैसी फिल्में बना चुके हैं। इस फिल्म में अक्षय के साथ जैकलीन फर्नांडिस और नुसरत भरूचा नजर आएंगी। वैसे इन फिल्मों के अलावा अक्षय की फिल्म 'सूर्यवंशी' भी रिलीज के लिए तैयार है जो पिछले साल लॉकडाउन के कारण रिलीज नहीं हो पाई थी। रोहित शेट्टी के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में लंबे समय बाद अक्षय के साथ कटरीना कैफ नजर आने वाली हैं। साथ ही अक्षय कुमार फिल्म 'बच्चन पांडे' में भी काम कर रहे हैं जिसमें उनके साथ कृति सैनन नजर आने वाली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *