यात्रा की पाबंदी पर बोला पाकिस्तान- भारत को छूट और हम पर अब भी पाबंदी 

 इस्लामाबाद 
पाकिस्तान के सर्वोच्च स्वास्थ्य अधिकारी ने ब्रिटेन के स्वास्थ्य सचिव को खत लिखकर इस बात पर असंतोष जाहिर किया है कि उनके देश को यात्रा प्रतिबंध की सूची में बरकरार रखा गया है, जबकि भारत को छूट दी जा चुकी है। पाकिस्तान ने इसे अन्याय बताया है। पाकिस्तान को अप्रैल की शुरुआत में जबकि भारत को 19 अप्रैल को यात्रा प्रतिबंध वाले देशों की सूची में डाला गया था। भारत को कुछ अन्य देशों के साथ 5 अगस्त को इस सूची से बाहर कर दिया गया, जबकि पाकिस्तान इसमें बना हुआ है।

यूके के परिवहन सचिव ग्रांट शाप्स ने ट्वीट किया, ''यूएई, कतर, भारत और बहरीन को रेड लिस्ट से बाहर किया जा रहा है। ये बदलाव रविवार, 8 अगस्त 4 am से प्रभावी होंगे।'' यूके में पाकिस्तानी मूल के स्वास्थ्य सचिव साजिद जाविद को लिखे लेटर में पाकिस्तान के स्वास्थ्य विशेष सलाहकार फैजल सुल्तान ने पाकिस्तान और क्षेत्र के दूसरे देशों के महामारी के आंकड़े शेयर किए। 

इस लेटर को मानवाधिकार मंत्री शिरीन माजरी ने ट्विटर पर शेयर किया। सुल्तान ने कहा कि संक्रमित लोगों को यात्रा करने से रोकने के लिए तीन त्रिस्तरीय दृष्टिकोण का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इसमें WHO की ओर से मान्यता प्राप्त कोविड-19 वैक्सीन का प्रमाण, 72 घंटे भीतर का आरटीपीसीआर टेस्ट और एयरपोर्ट पर रेपिड एंटीजन टेस्ट शामिल है। 
 
पाकिस्तान, भारत, ईरान और इराक के आंकड़ों की तुलना करते हुए सुल्तान ने कहा कि पाकिस्तान का प्रतिदिन प्रति 10 लाख केस, प्रति 10 लाख पर प्रतिदिन होने वाली मौतें क्षेत्र में सबसे कम हैं, जबकि प्रति 100 व्यक्ति पर टीकाकरण सबसे अधिक है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान में पर्याप्त संख्या में टेस्टिंग की जा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *