रक्षाबंधन पर बहनों को योगी सरकार देगी मुफ्त बस यात्रा का उपहार 

 लखनऊ 
योगी सरकार हर बार की तरह इस साल भी रक्षाबंधन पर बहनों को यूपी रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा का उपहार देने वाली है। सीएम योगी आदित्‍यनाथ के निर्देश पर यूपी रोडवेज जल्‍द ही इसका आदेश जारी करने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि 21 अगस्‍त की आधी रात से 22 अगस्‍त की आधी रात तक राज्‍य की सभी श्रे‍णी की सरकारी बसों में बहनों को यह सुविधा मिलेगी। यूपी में मिशन शक्ति का तीसरा चरण 21 अगस्त यानी रक्षाबंधन से ठीक एक दिन पहले शुरू हो रहा है। सरकार ने भाई-बहन के स्‍नेह के इस पवित्र पर्व पर बहनों को राज्‍य की सरकारी बसों में आने-जाने की मुफ्त सुविधा दी है। पिछले साल करीब साढ़े तीन लाख बहनों ने इस सुविधा का लाभ उठाते हुए रक्षाबंधन के मौके पर यूपी रोडवेज की बसों से यात्रा की थी। 

कई और तोहफे देने की तैयारी 
राज्‍य सरकार इस रक्षाबंधन बहनों को बस में मुफ्त यात्रा के अलावा कुछ और तोहफे देने की भी तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है रक्षाबंधन के ठीक एक दिन पहले शुरू हो रहे मिशन शक्ति के तीसरे चरण के तहत सीएम योगी आदित्यनाथ महिला पुलिसकर्मियों को बीट पुलिस अधिकारी के पद पर तैनाती का गिफ्ट देंगे। महिला पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए सभी जिलों में बालवाड़ी का उपहार भी मिलेगा। इसके अलावा लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मुख्य समारोह कन्या सुमंगला योजना से वंचित 1.5 लाख बेटियों को और निराश्रित महिला पेंशन योजना की पात्र 1.73 लाख नई लाभार्थी महिलाओं को योजना से जोड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *