बच्चों और नागरिकों को भी नहीं बख्श रहा तालिबान 

नई दिल्ली 

अफगानिस्तान में तालिबान ने अपने कदम आगे बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। तालिबान ने मंगलवार को राजधानी काबुल की ओर बढ़ते हुए अफगानिस्तान के आठवें प्रांतीय शहर पर कब्जा कर लिया। इससे पहले बागलान प्रांत की राजधानी पुल-ए-खुमरी को भी अफगान सैनिकों ने खाली कर दिया। पुल-ए-खुमरी काबुल से केवल 200 मीटर की दूरी पर है। अफगानिस्तान में तालिबान ने अपनी हिंसक गतिविधियों को बढ़ा दिया है, इसमें वे न नागरिकों को बख्श रहे हैं और न ही मासूम बच्चों को। यूनिसेफ के मुताबिक तीन दिनों में यहां 27 बच्चे मारे जा चुके हैं। इसके अलावा नागरिकों पर भी हमले तेज हो गए हैं। तालिबान के बढ़ते कदमों को देखते हुए भारत ने अफगानिस्तान से भारतीय नागरिकों की निकासी प्रक्रिया शुरू कर दी है। तालिबानी पिछले कुछ दिनों से काबुल पर हमले कर रहे हैं। सोमवार को काबुल के जिला 17 में विस्थापित परिवारों के एक शिविर पर उन्होंने ग्रेनेड फेंका, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। पहले से ही तालिबान के कब्जे में छह प्रांतीय राजधानियां थी और इसने फराह और बगलान को भी अपने कब्जे में कर लिया है।

नागरिकों पर बढ़ें हमले
तालिबान दक्षिण में कंधार और लश्कर गाह में और बदख्शां की राजधानी फैजाबाद में भी घुस गए हैं. लड़ाकों ने नागरिकों पर हमले भी बढ़ा दिए हैं। गजनी शहर के पहले जिले के ग्रीन हैट इलाके में मंगलवार को मोर्टार के गोले दागने से तीन नागरिकों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। यूनिसेफ ने एक बयान में कहा कि कंधार, खोस्त और पक्तिया प्रांतों में जारी लड़ाई में अब तक 27 बच्चे मारे गए हैं और 136 घायल हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी ने अफगानिस्तान में बच्चों के खिलाफ गंभीर उल्लंघन की घटनाओं में तेजी से हो रही वृद्धि पर "हैरानी" व्यक्त की है। रेड क्रॉस की अंतर्राष्ट्रीय समिति ने जोर देकर कहा कि देश में सैकड़ों हजारों नागरिक जोखिम में हैं।

पत्रकारों की हत्या
तालिबान ने नेमातुल्लाह हिम्मत नाम के पत्रकार को सोमवार को हेलमंद प्रांत में उसके घर से अगवा कर लिया। पत्रकार और रेडियो स्टेशन पक्तिया वॉयस के प्रमुख तूफान ओमारी की काबुल में विद्रोहियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

भारतीय नागरिकों की निकासी
अफगानिस्तान के चौथे सबसे बड़े शहर और बल्ख प्रांत की राजधानी मजार-ए-शरीफ के बाहरी इलाके में लड़ाई तेज हो गई है। भारत ने मंगलवार को मजार-ए-शरीफ से अपने राजनयिकों और नागरिकों के लिए निकासी प्रक्रिया शुरू की है. अफगान राष्ट्रीय सुरक्षा और रक्षा बल (ANDSF) तालिबान को मजार-ए-शरीफ पर कब्जा नहीं करने देने के लिए दृढ़ हैं; टोलो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने सफलतापूर्वक विद्रोहियों के हमले को पीछे धकेल दिया और नहर-ए-शाही पर नियंत्रण हासिल कर लिया।

विदेशी सेनाओं की वापसी
अफगानिस्तान में हिंसा में वृद्धि देखी जा रही है क्योंकि तालिबान ने अमेरिका और नाटो बलों की वापसी के मद्देनजर अपना आक्रमण तेज कर दिया है। ये बल 31 अगस्त तक देश से बाहर हो जाएंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मंगलवार को कहा कि उन्हें तालिबान के हमले के बीच अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना वापस लेने के अपने फैसले पर खेद नहीं है और उन्होंने युद्धग्रस्त देश के नेताओं से एकजुट होने और "अपने देश के लिए लड़ने" का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *