JK में फिर सिर उठाने की कोशिश में जुटे आतंकवादी

नई दिल्ली

जम्मू कश्मीर में सिर उठाने की कोशिश में जुटे आतंकवादी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। 15 अगस्त के करीब आते ही यहां आतंकवादी किसी भी तरह से गड़बड़ी फैलाने की कोशिश में लगे हुए हैं। मंगलवार को आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर हैंड ग्रेनेड से हमला किया है। जानकारी के मुताबिक यह हमला श्रीनगर के हरी सिंह हाई स्ट्रीट के पास हुआ है। हरि सिंह हाई स्ट्रीट इलाके में आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर ग्रेनेड फेंका। हालांकि निशाना चूक जाने से ग्रेनेड सड़क पर जा गिरा। इस दौरान धमाका होने और इसकी जद में आने से एक से दो स्थानीय नागरिकों के घायल होने की खबर है। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। इसके साथ ही हमलावरों की तलाश में इलाके की घेराबंदी कर अभियान शुरू किया गया है।

शोपियां में किया हमला
इससे पहले जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार को ही केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सड़क सुरक्षा दल पर आतंकवादियों ने हमला कर दिया, जिसमें एक जवान घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि क्रालचेक पर आतंकवादियों ने सीआरपीएफ के सड़क सुरक्षा दल पर हमला किया। बता दें कि  'रोड ओपनिंग पार्टी या सड़क सुरक्षा दल वह दस्ता है, जिसे काफिलों के गुजरने से पहले किसी मार्ग की सुरक्षा के लिए तैनात किया जाता है। अधिकारियों ने बताया कि हमले में कॉन्स्टेबल अजय कुमार घायल हो गए। इलाके की घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू कर दिया गया है।

भाजपा नेता की हत्या
एक दिन पहले यानी सोमवार को आतंकवादियों ने बीजेपी के कुलगाम किसान मोर्चा के प्रमुख और सरपंच तथा उनकी पत्नी की गोली मार कर हत्या कर दी थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया था कि आतंकवादियों ने दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग में सरपंच और भाजपा किसान मोर्चा की कुलगाम जिला इकाई के अध्यक्ष गुलाम रसूल डार और उनकी पत्नी पर गोलियां बरसाईं। कुलगाम के रेडवानी के रहने वाले डार भाजपा समर्थित सरपंच थे। उन्होंने पिछले साल जिला विकास परिषद् का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन हार गए थे। डार इस समय अनंतनाग में किराये के मकान में रह रहे थे।

हथियारों का जखीरा धराया
जम्मू कश्मीर में बौखलाए आतंकवादी 15 अगस्त से पहले किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे। हालांकि, पुंछ जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लग गई और आतंकवादियों के मंसूबे पर पानी फिर गया। जानकारी के अनुसार सोमवार को बीएसएफ को सूचना मिली थी कि आतंकियों ने पुंछ जिले के संगड इलाके में हथियारों को छिपाकर रखा हुआ है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए बीएसएफ ने सेना तथा पुलिस की टीम को साथ लेकर इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। ऑपरेशन के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए हथियार बरामद हुए। मौके से दो एके 47 राइफल, उसकी चार मैगजीन, एक पिस्टल उसकी 10 मैगजीन, एक वायरलैस सेट, चार ग्रेनेड, 120 के करीब राउंड, मोबाइल फोन बरामद किए गए थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *