पर्यटकों को पर्यटन स्थल पर मिलेगा क्षेत्र विशेष के हस्तशिल्प का सामान : मंत्री सुश्री ठाकुर

भोपाल
पर्यटन, संस्कृति और आध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने कहा कि पर्यटकों को अब पर्यटन स्थल पर ही क्षेत्र-विशेष के हस्तशिल्प का सामान उपलब्ध हो सकेगा। इसके लिए पर्यटन विभाग ने निवाड़ी जिले में महोर और लाड़पुरा, छतरपुर में बसारी, पन्ना में मड़ला और सतना जिले में उचेहरा के शिल्पकारों को हस्तशिल्प की नवीन तकनीक का प्रशिक्षण दिया है। सुश्री ठाकुर पलाश रेसीडेंसी में पर्यटन निगम द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रोटोटाइप की प्रदर्शनी का अवलोकन कर रहीं थी। सुश्री ठाकुर ने कहा कि पर्यटक जब भी ओरछा, खजुराहो, पन्ना नेशनल पार्क और मैहर देवी के दर्शन के लिए जाते हैं तो क्षेत्र-विशेष में बनने वाले हस्तशिल्प का सामान खरीदने की इच्छा होती है। इसे ध्यान में रखकर पर्यटन विभाग ने स्थानीय शिल्पकारों को उनके परंपरागत कार्य के साथ उपयोगी और सजावटी सामान बनाने का प्रशिक्षण दिया है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 'आत्म-निर्भर भारत' का सपना साकार करने में भी मदद मिलेगी।

प्रमुख सचिव श्री शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि मध्यप्रदेश क्राफ्ट रिच स्टेट है। मध्यप्रदेश पर्यटन निगम ने हर जिले को आर्ट एंड क्राफ्ट टूरिज्म से जोड़ने के लिए स्थानीय स्तर पर शिल्पकारों को मास्टर ट्रेनर द्वारा नवीन डिज़ाइन और तकनीक का उन्नत प्रशिक्षण दिया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध होने के साथ-साथ पर्यटकों को पर्यटन स्थल पर ही हस्तशिल्प का सामान उपलब्ध हो सकेगा। हस्तशिल्प का यह सामान मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की होटल और सुवेनियर्स शॉप्स पर भी विक्रय के लिए उपलब्ध होगा। अब मध्यप्रदेश के आर्ट और क्राफ्ट से देश-विदेश भी परिचित हो सकेगा।

मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा पलाश रेजिडेंसी में तीन दिवसीय प्रोटोटाइप्स की प्रदर्शनी आयोजित की गई है। इसमें मेटल क्राफ्ट, टेक्सटाइल हैंडीक्राफ्ट, आयरन क्राफ्ट, वुड क्राफ्ट और टेराकोटा से निर्मित वस्तुएं प्रदर्शनी के लिए लगाई गईं है। आयरन क्राफ्ट से बना प्लांटर, कैंडल स्टैंड, स्पून हैंगर, टेक्सटाइल हैंडीक्राफ्ट से बना कुशन, टेबल रनर, वुड क्राफ्ट से बना ट्रे, हैंगिंग वॉच, फोल्डेड टेबल, टेराकोटा से बना प्लांटर लैंपशेड, सर्व ट्रे और मेटल क्राफ्ट से बनी सजावटी वस्तुएं आकर्षण का केंद्र है। इच्छुक व्यक्ति पलाश रेजिडेंसी में प्रोटोटाइप्स को देखकर निर्मित सामान खरीद सकते है।

इस अवसर पर पर्यटन निगम के महाप्रबंधक (चालन) श्री केशव राव शाद, एडवाइजर आर्ट एंड क्राफ्ट श्री नागेन्द्र मेहता सहित पर्यटन विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *