अमेजन-फ्लिपकार्ट को नहीं मिली सुप्रीम कोर्ट से राहत

नई दिल्ली
सुप्रीम कोर्ट ने ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों फ्लिप्कार्ट और अमेजन के खिलाफ भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) द्वारा की जा रही जांच में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने इन कंपनियों को जांच में शामिल होने के लिए चार हफ्तों का समय दिया है।

सीसीआई इन कंपनियों के खिलाफ प्रतिस्पर्धा कानूनों के उल्लंघन के आरोप में जांच कर रहा है। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने 2020 में कंपनियों के खिलाफ अपने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर चुनिंदा विक्रेताओं को कथित रूप से बढ़ावा देने और प्रतिस्पर्धा को दबाने वाली व्यावसायिक प्रथाओं का उपयोग करने के लिए जांच का आदेश दिया था।

हालांकि कंपनियों ने ऐसे किसी भी नियम का उल्लंघन करने से इनकार किया है और निचली अदालतों व सुप्रीम कोर्ट में जांच को यह कहते हुए रोकने की मांग की है कि सीसीआई के पास मामले को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं। वहीं सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की बेंच ने कहा कि अमेजन और वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियों को इस तरह की जांच के लिए स्वेच्छा से काम करना चाहिए।

मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना ने कहा कि, 'हम उम्मीद करते हैं कि अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे बड़े संगठनों को जांच और पारदर्शिता के लिए स्वेच्छा से काम करना होगा।' यह फैसला अमेजन और फ्लिपकार्ट दोनों के लिए एक बड़ा झटका है क्योंकि सुप्रीम कोर्ट की अपील को सीसीआई की जांच को रोकने के लिए अंतिम कानूनी उपाय के रूप में देखा गया था। इतना ही नहीं, कंपनियां विदेशी निवेश कानूनों के कथित उल्लंघन के लिए देश की वित्तीय-अपराध एजेंसी द्वारा कठिन ई-कॉमर्स नियमों और जांच की संभावनाओं से भी जूझ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *