मप्र विधानसभा मानसून सत्र शुरू, बिना वैक्सीनेशन किसी को नहीं मिला प्रवेश

भोपाल
मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है. सत्र 4 दिनों तक चलेगा. मानसून सत्र में वित्तीय वर्ष के लिए प्रथम अनुपूरक अनुमान (बजट) पेश किया जाएगा. सदन में मिलावटी शराब पर सख्त सजा के लिए संशोधन विधेयक पर भी मुहर लग सकती है. इस संशोधित विधेयक में बार-बार मिलावटी शराब का कारोबार करने वालों के लिए मृत्युदंड का प्रावधान किया गया है. इसमें जुर्माने की राशि 25 लाख रखी जाएगी.

सत्र के शुरुआत में विधानसभा और संसद के दिवंगत सदस्यों, कोरोना की दूसरी लहर, विदिशा कुंआ हादसे मे मृत व्यक्तियों श्रद्धांजलि दी जाएगी. खास बात ये है कि विधानसभा के मानसून सत्र में बिना वैक्सीनेशन के किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा. विधानसभा के सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों और मीडियाकर्मियों के लिए वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट दिखाना जरूरी है.

मानसून सत्र से पहले विधानसभा स्पीकर गिरीश गौतम सोमवार सुबह उज्जैन में महाकाल मंदिर पहुंचे. दूसरी ओर, सत्र से पहले मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि बाढ़ के हालातों में सरकार ने तत्परता से काम किया है. इस पर बहस के लिए विपक्ष को नकारात्मक तरीके से पेश नहीं आना चाहिए.

मध्य प्रदेश विधानसभा में विधायक अब ससुर, गंदी सूरत, 420, सफेद झूठ, दुराचारी, नीच आत्मा, डाकू, यार और भ्रष्टाचारी जैसे करीब 1500 शब्दों का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे. विधानसभा में रविवार को आज असंसदीय शब्दों की किताब जारी की गई. इसमें सदन की गरिमा को ठोस पहुंचाने वाले 15 सौ से ज्यादा शब्दों को शामिल किया गया. विधानसभा का सत्र 9 अगस्त से शुरू हो रहा है. असंसदीय शब्दों की यह किताब विधायकों को नसीहत के साथ दी गई. उन्हें नसीहत दी गई कि वे विधानसभा में सदन की कार्रवाई के दौरान ऐसे शब्दों का इस्तेमाल न करें, जो व्यक्तिगत होने के साथ सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले हों.

विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने कहा है कि विधानसभा जनता की आस्था का केंद्र है. जिस दिन विधानसभा के अंदर  असंसदीय भाषा का इस्तेमाल होना बंद हो जाएगा उस दिन किताब को हटा लिया जाएगा. विधानसभा में अब जिन शब्दों को असंसदीय घोषित किया गया है उनमें ससुर, गंदी सूरत, 420, धोबी के कुत्ते की तरह, चोर का भाई,  420, चिल्लर चिल्लर, झूठा,  उल्लू का पट्ठा, सफेद झूठ, दुराचारी, नीच, आत्मा, डाकू, मूर्ख, चोर, बदमाश, बूढ़ा शेर,  लफंग, शेखी बघारना, कम अक्ल, पुलिस के कुत्ते दोस्त, भ्रष्ट शैतान, बचकाना, चुड़ैल, शिखंडी, लल्लू, यार, भ्रष्टाचारी जैसे शब्द शामिल किए गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *