बाढ़ से निजात दिलाने के लिए सर्वे कर विस्थापित किया जाएगा: केंद्रीय मंत्री

ग्वालियर
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सबलगढ़ के ग्राम देवीलाल का पुरा, मदनपुरा, अटार और मांगरोल में बाढ़ के बाद हालात देखने पहुुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वे चिंतित न हों। बाढ़ से निजात दिलाने के लिए सर्वे कर विस्थापित किया जाएगा, लेकिन इसके लिए ग्रामीणों की सहमति एवं ग्रामसभा का ठहराव प्रस्ताव की जरूरत होगी। केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि चंबल की बाढ़ से छुटकारा पाने के लिए हम सभी को सहमति बनानी होगी क्योंकि चंबल नदी में प्रति वर्ष बाढ़ आने से अपने बनाए हुए घरौंदे नष्ट हो जाते हैं। अनाज, घर, गृहस्थी सब खराब हो जाता है। सभी लोग सहमति दें तो सरकारी सर्वे पर दूसरे स्थान पर विस्थापित किया जाएगा। इसके लिए जिन लोगों को आवास स्वीकृत हो चुके हैं, उनके आवास की किस्तें जिला पंचायत के माध्यम से तत्काल जारी कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के मकान नष्ट हो गए हैं, उनके सर्वे का कार्य शुरू हो गया है।

उन्हें मुख्यमंत्री के बाढ़ राहत प्रकोष्ठ के तहत आवास दिलवाए जाएंगे। इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह, कलेक्टर बी. कार्तिकेयन, एसपी ललित शाक्यवार, जिला पंचायत सीईओ रोशन कुमार सिंह भी मौजूद थे।

प्रभारी मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि मैं बाढ़ पीड़ितों की आंखों में आंसू नहीं देखना चाहता हूं। बाढ़ प्रभावितों की हर संभव मदद करूंगा। मैं जिले के हालातों से मुख्यमंत्री को अवगत कराऊंगा और पीड़ित लोगों को नुकसान का मुआवजा जल्द दिलाने के लिए कहूंगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री एवं प्रभारी मंत्री ने लोगों को सूखा राशन बांटा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *