चुनावी रंजिश में घर के अंदर घुसकर युवक को मारीं 14 गोलियां, पीएमसीएच में भर्ती, गांव में तनाव

 बाढ 
भदौर थाने का बकमा गांव शनिवार दिन में करीब 10 बजे अंधाधुंध गोलीबारी से थर्रा उठा। पंचायत चुनाव की रंजिश में हथियारबंद लोगों ने घर पर चढ़कर रघुनाथ सिंह को 14 गोली मारी। बांह और जांघ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। जख्मी ने मीडिया को दिए गए बयान में एक दबंग जनप्रतिनिधि के छह सात समर्थकों पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है। उसके बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि इस मामले में देर रात तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी थी। घटनास्थल से पुलिस ने दस खोखे बरामद किये हैं।

गांव में तनाव
बताया गया है कि रघुनाथ सिंह अपने घर के पास खड़ा था। इसी दौरान घात लगाए कुछ लोगों ने रघुनाथ सिंह पर निशाना साध कर फायरिंग शुरू कर दी। घटना को अंजाम देकर हमलावर भाग निकले। ग्रामीणों ने जख्मी को इलाज के लिए बाढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जख्मी को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव बढ़ गया है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *