इस मामले में देश का पहला राज्य बनने वाला है बिहार, तैयार हो रहा है पोर्टल, ऐसे होगा काम

 पटना 
बिहार में अब जन्म-मृत्यु का विवरण पोर्टल पर अपलोड रहेगा। आईटी विभाग की ओर से पोर्टल तैयार किया जा रहा है। जल्द इस पोर्टल पर जन्म-मृत्यु का ब्योरा अपलोड होने लगेगा। जन्म-मृत्यु के आंकड़े सार्वजनिक करने वाला राज्य बिहार देश का पहला राज्य होगा। जन्म-मृत्यु का विवरण अपलोड करने की तैयारी नगर विकास विभाग और पंचायती राज विभाग के माध्यम से हो रही है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कोरोना काल में मौत के आंकड़े आने में हुई परेशानी के बाद यह निर्णय लिया गया है। आंकड़े अपलोड करने का माध्यम वार्ड पार्षद बनेंगे। 

शहरी क्षेत्र में वार्ड पार्षद के माध्यम से जन्म-मृत्यु का आंकड़ा निगम के कार्यपालक पदाधिकारी के पास आएगा जिसे वे पोर्टल पर अपलोड कराएंगे। जबकि ग्रामीण इलाके में वार्ड पार्षद जन्म-मृत्यु के आंकड़े बीडीओ को देंगे। प्रखंड से आंकड़ा लेकर जिला की ओर से उसे पोर्टल पर अपलोड कराया जाएगा। 

पोर्टल बनाने का काम आईटी विभाग में तेजी से हो रहा है। निकट भविष्य में ही इस पोर्टल को लांच करने की तैयारी है। मौजूदा व्यवस्था में अभी शहरी क्षेत्रों में नगर विकास तो ग्रामीण इलाके में योजना विकास विभाग के माध्यम से जन्म-मृत्यु के आंकड़ों को निबंधित किया जाता है। पोर्टल पर आंकड़े अपलोड करने की जिम्मेवारी शहरी क्षेत्र में नगर विकास विभाग तो ग्रामीण इलाके में पंचायती राज विभाग क्रियान्वित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *