तेंदुआ उठा ले गया घर के बाहर से 5 साल की बच्ची को , कुछ दूर जाकर बनाया निवाला

शिमला 
हिमाचल प्रदेश की राजधानी में एक पांच साल की बच्ची को घर के बाहर से तेंदुआ उठा ले गया और जंगल में जाकर उसे निवाला बना लिया। वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बच्ची बिहार के रहने वाले मजदूर मनोज की बेटी प्रियंका थी। जंगल से सटे कांलोंग इलाके में एक कंस्ट्रक्शन साइट के पास बने अस्थायी घर के बाहर वह गुरुवार रात करीब 8:30 बजे खेल रही थी। तभी तेंदुए ने उसे दबोच लिया। शिमला डिविजन के वन्य अधिकारी कृष्ण कुमार ने कहा कि शुक्रवार सुबह 200-250 मीटर दूर एक नाले में उसकी खोपड़ी मिली। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। कुमार ने कहा कि पुलिस ने रात 10:30 बजे विभाग को घटना की सूचना दी। 20-25 मिनट के भीतर टीम मौके पर पहुंच गई थी। वन विभाग और पुलिस की टीम ने जॉइंट ऑपरेशन चलाया। 

तलाशी अभियान के दौरान खून के कुछ निशान दिखे थे, जिससे साफ हो गया था कि जानवर ने बच्ची की जान ले ली है। तड़के 2 बजे तक तलाशी जारी रहा, लेकिन अंधेरे की वजह से सफलता नहीं मिली। इसके बाद अभियान को रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह दोबारा लड़की की तलाश शुरू हुई तो कुछ घंटों बाद नाले के पास खोपड़ी मिली। फॉरेंसिक टीम ने इसे जांच के लिए भेजा है और बच्ची के परिवार से डीएनए का मिलान किया जाएगा। 
    
फॉरेंसि रिपोर्ट में यह भी सामने आ सकता है कि जानवर ने बच्ची को मारा या नहीं साथ यह यही भी पता लगाया जा सकता है कि तेंदुआ एक ही था या अधिक। डीएफओ ने कहा कि बच्ची के परिवार को 4 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। घटना के बाद से इलाके के लोगों में डर है। डीएफओ ने कहा कि तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इससे पहले 21 जून को भी कृष्णा नगर इलाके में एक युवक पर तेंदुए ने हमला किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *