गणेश मंदिर पर हुए हमले पर इमरान खान ने तोड़ी चुप्पी, कहा- आरोपियों को गिरफ्तार

 
इस्लामाबाद

पाकिस्तान के पंजाब सूबे में गणेश मंदिर पर हुए कट्टरपंथियों के हमले की प्रधानमंत्री इमरान खान ने निंदा की है। पाक पीएम इमरान खान ने पंजाब प्रांत में हिंदू मंदिर पर भीड़ द्वारा किए गए हमले पर 24 घंटे बाद चुप्पी तोड़ी है। इमरान खान ने कहा है कि सभी दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा और पुलिस द्वारा किसी भी तरह की लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इमरान खान ने ये भी कहा है कि उनकी सरकार इस मंदिर का जीर्णोद्धार भी जल्द करवाएगी। पाक पीएम ने पहले भी इस्लामाबाद में एक मंदिर बनवाने का वादा किया था लेकिन वो अभी तक पूरा नहीं हो पाया है।
 
इमरान खान ने गुरुवार देर रात एक ट्वीट में लिखा, ''रहीम यार खान के भोंग में गणेश मंदिर पर कल हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मैंने पहले ही आईजी पंजाब से सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और पुलिस की लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। सरकार मंदिर का जीर्णोद्धार भी करेगी।''
 
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गणेश भगवान के मंदिर पर ये हमला 9 साल के एक हिंदू लड़के को जमानत मिलने के विरोध और गुस्से में किया गया है। 9 साल के इस हिंदू लड़के पर आरोप था कि उसने एक स्थानीय इस्लामिक मदरसा में पेशाब किया था। स्थानीय अदालत द्वारा इस 9 साल के लड़के को जमानत दिए जाने के बाद कट्टरपंथियों ने एक राजमार्ग को भी अवरुद्ध कर दिया था। फिर गुस्से में सैकड़ो कट्टरपंथियों ने भोंग में हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *