उरई में बाढ़ का कहर, सेना ने लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने का काम किया शुरू 

 उरई 
उरई के कालपी, रामपुरा और कुठौंद क्षेत्र में यमुना व सिंध नदियों का पानी लगातार तेजी से बढ़ना जारी है। हालात बिगड़े को सेना बुला ली गई, गुरुवार देर रात सेना ने रामपुरा क्षेत्र में मोर्चा संभाल लिया। सैकड़ों लोग बाढ़ में फंसे हैं जिनको निकाला जाना है। कुठौंद-औरैया हाईवे पर नदी जैसा आलम हो गया है, सड़क पर नावें चल रही हैं। गुरुवार रात पानी का बहाव तेज होने और अंधेरे के कारण एनडीआरएफ और सेना को रेस्क्यू आपरेशन में दिक्कत हुई। शुक्रवार सुबह से ही सेना ने मोर्चा संभाल लिया और सबसे ज्यादा प्रभावित गांव में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। सेना ने अपनी टीमों को कुसरेपुरा, मुल्लेकापुरा, निनावली, मोहब्बतपुरा, बिहौड़, किशनपुरा आदि गांव से ग्रामीणों को रेस्क्यू कर निकालने के लिए भेजा है। सेना के जवान अपनी बोटों से पानी के सैलाब को चीरते हुए प्रभावित गांव में पहुंच गए हैं और वहां से लोगों को लाने का काम शुरू कर दिया गया। मौके पर एसडीएम सालिकराम और प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद हैं। रेस्क्यू किए जा रहे ग्रामीणों को रामपुरा स्थित राजा चित्तरसिंह बालिका विद्यालय में ठहराया जायेगा। 

इधर औरैया-कुठौंद हाइवे पर बाढ़ का पानी आने से कुठौंद पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया है, जबकि कालपी में आधा दर्जन मोहल्लों में पानी आ जाने के बाद वहां पर नावें भेजकर प्रशासन ने लोगों को निकालना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने घरों का सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ घर खाली करने शुरू कर दिए हैं।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *