स्कूल-कोचिंग में पढ़ाएंगे केवल ये टीचर्स, बंद रहेगा मिड डे मील 

 पटना 
स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में वही शिक्षक पढ़ा सकेंगे, जिन्होंने कोरोना का टीका ले लिया है। सभी संस्थानों के प्रधान यह सुनिश्चित करेंगे कि जो शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारी टीका ले चुके हैं, उन्हें ही संस्थान में कार्य करने की अनुमति हो। वहीं मिड-डे मील योजना का संचालन अभी बंद रहेगा। 

सात अगस्त से नौवीं व दसवीं तथा 16 अगस्त से पहली से आठवीं तक के स्कूलों को खोले जाने को लेकर शिक्षा विभाग ने गुरुवार को आदेश जारी किया है। अपर मुख्य सचिव संजय कुमार ने सभी कुलपति व सभी जिलाधिकारी व सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को गाइडलाइन का पालन करने के लिए निर्देशित किया है। 

इसके मुताबिक एकेडमिक कैलेंडर को सभी कक्षाओं से संबंधित परीक्षा के लिए योजनाबद्ध करने का भी निर्देश दिया है। विभाग ने कहा है कि ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी और शैक्षणिक संस्थानों के वयस्क छात्र-छात्राओं, शिक्षकों ए‌वं शिक्षकेत्तर कर्मियों को कोरोना टीका लेना सुनिश्चित किया जाएगा। 

50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ स्कूल आदि को खोलने का निर्णय लिया गया है। हर छात्र एक दिन बीच कर स्कूल आएंगे। विभाग ने कहा है कि स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान परिसर की कक्षा, फर्नीचर, उपकरण, भंडारकक्ष, पानी टंकी, किचेन, प्रयोगशाला, लाइब्रेरी आदि की सफाई संस्थानों के खोलने के पहले की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *