15 अगस्त पर जम्मू और पंजाब में बड़े हमले की फिराक में आतंकवादी- खुफिया सूत्र

नई दिल्ली

15 अगस्त से पहले आतंकी एक बार फिर हमले की साजिश रच रहे हैं. खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली है कि दहशतगर्द पंजाब और जम्मू  के सीमावर्ती इलाकों में किसी बड़े आतंकी हमले को अंजाम दे सकते हैं. जानकारी मिली है कि ये हमले सितंबर के पहले सप्ताह से शुरू हो सकते हैं. खुफिया एजेंसियों को जानकारी मिली है कि लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) के आतंकी जकी-उर-रहमान के घर पर हाल ही में आतंकियों की एक बैठक हुई थी. इसी बैठक में हमले की पूरी साजिश रची गई है. इस जानकारी खुफिया एजेंसियों को मिली है.  

सूत्रों के मुताबिक रावलपिंडी स्थित रहमान के घर पर आतंकवादियों ने हमले का खाका तैयार किया है. इस बैठक में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और अल बदर के आतंकी शामिल हुए थे. अल बदर की तरफ से कमांडर हमजा बुरहान मौजूद था. खबर है कि इन आतंकवादियों को ISI का भी समर्थन मिल रहा है. जिसके इशारे पर जैश और लश्कर के दहशतगर्द नौशेरा और छम्ब सेक्टर से घुसने की तैयारी कर रहे हैं. जानकारी के मुताबिक आतंकी सीमावर्ती इलाकों में लगातार घुसपैठ की साजिश रच रहे हैं.

दरअसल पिछले काफी समय से जम्मू कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों के जरिए आतंकवादियों की भारत में घुसपैठ जारी है. सूत्रों ने बताया है कि 1 मार्च से लेकर 21 जुलाई के बीच घुसपैठ के चार मामले देखे गए. इनमें 22 आतंकियों के सरहद पार कर भारतीय सीमा में घुसने की खबर है. सूत्रों से जानकारी मिली है कि जैश के आतंकी आईईडी के जरिए जम्मू में धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं. ड्रोन के जरिए भी आर्मी और एयरफोर्स को निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है. कश्मीर में संदिग्ध ड्रोन दिखाई देने के भी मामले लगातार सामने आ रहे हैं. जानकारी के मुताबिक नापाक इरादों को अंजाम देने के लिए ही अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन से निगरानी की जा रही है. साथ ही Loc और IB के रास्ते लांच पैड पर मौजूद आतंकियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ कराने की कोशिश लगातार जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *