सेब और दूध की टेस्टी और हेल्दी खीर की रेसिपी।

दूध और सेब, ये दोनों ही चीजें सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती हैं लेकिन बच्‍चे अक्‍सर दूध पीने में आनाकानी करते हैं और फल तो जैसे उनके दुश्‍मन होते हैं। ऐसे में बच्‍चों को दूध और सेब खिलाना मुश्‍किल हो जाता है लेकिन आप इन दो हेल्‍दी चीजों को किसी दिलचस्‍प और टेस्‍टी तरीके से भी बच्‍चों को खिला सकते हैं।

जी हां, यहां हम आपको बता रहे हैं बच्‍चों के लिए सेब और दूध से बनी खीर की रेसिपी के बारे में। इस रेसिपी के साथ ही हम आपको यह भी बताएंगे कि सेब से बच्‍चों को क्‍या फायदे मिलते हैं।

​किन चीजों की जरूरत है

सेब की खीर बनाने के लिए आपको चाहिए एक बड़ा सेब (छिला और घिसा हुआ), एक चम्‍मच घी, दो कप दूध (फुल फैट), ढाई से तीन चम्‍मच कंडेंस्‍ड मिल्‍क, ¼ चम्‍मच इलायची पाउडर और दो बादाम।
आप इस रेसिपी के लिए मीठा सेब चुनें। सेब को खराब होने से बचाने के लिए उसे छीलकर और घिसकर रख लें। यही आपका पहला स्‍टेप भी होगा।

खीर बनाने की विधि

धीमी आंच पर एक पैन रखें और उसमें एक चम्‍मच घी डालने के बाद सेब डालें।
सेब को आपको तब तक पकाना है, जब तक कि उसका पानी पूरा सूख न जाए।
इसमें 7 से 8 मिनट का समय लगेगा। फिर गैस बंद कर दें और इसे थोड़ा ठंडा होने दें।
अब एक अलग पैन में धीमी आंच पर दूध को उबालें।
जब दूध उबलने लगे, तो आंच को मंदी कर के उसे ¾ होने तक पकाएं। इसमें 8 से 10 मिनट का समय लगेगा।
इसे बीच-बीच में चलाते भी रहें। फिर इसमें ढाई चम्‍मच कंडेंस्‍ड मिल्‍क डालें।
​एप्‍पल खीर बनाने का आगे का तरीका

अब आंच को मध्‍यम कर दें और 3 से 4 मिनट लगातार इसे चलाते रहें।
टेस्‍ट कर के देखें, अगर मीठा कम लग रहा है तो इसमें आधा चम्‍मच कंडेंस्‍ड मिल्‍क या चीनी डाल दें।
बादाम को काटकर डालें और इलायची पाउडर डाल दें।
इसे एक मिनट तक पकाएं। फिर गैस बंद कर दें और उसमें सेब के कुछ कटे हुए टुकड़े डालें।
खीर को थोड़ा ठंडा होने दें। अब बच्‍चे को खीर खिलाएं।

​टिप्‍स आएंगे काम

आप खीर को जितना मीठा बनाना चाहते हैं, उसके हिसाब से कंडेंस्‍ड मिल्‍क की मात्रा को बढ़ा या घटा सकते हैं।
सेब डालने से पहले खीर ज्‍यादा गर्म नहीं होनी चाहिए।
खीर को गाढ़ा बनाने के लिए आप इसमें दो चम्‍मच घिसा हुआ पनीर या दो चम्‍मच खोया डाल सकते हैं।
​बच्‍चों के लिए सेब खाने के फायदे

सेब कार्बोहाइड्रेट से भरपूर होता है जिससे बच्‍चे को एनर्जी मिलती है। इसमें विटामिन सी, फाइबर और फाइटोकेमिकल्‍स होते हैं।

सेब में डायट्री फाइबर होते हैं जो बैड कोलेस्‍ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं। इस फल में एंटीऑक्‍सीडेंट और फाइटोन्‍यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं जो बच्‍चों की आंखों को तेज करते हैं। सेब में पेक्टिन नामक घुलनशील फाइबर भी होता है जो बच्‍चों में कब्‍ज और दस्‍त को रोकता है।

सेब में मौजूद विटामिन सी टिश्‍यू रिपेयर और कोलाजन को बनाने में सहायक है। इसके अलावा यह हड्डियों को मजबूती देत है और घावों को भरता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *