महाराष्ट्र बाढ़ राहत के लिए 11,500 करोड़ रुपये के पैकेज-CM उद्धव

मुंबई
उद्धव ठाकरे कैबिनेट ने प्रदेश में बाढ़ पीड़ितों की मदद और इससे हुए नुकसान की भरपाई के लिए 11,500 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की है। कैबिनेट ने हाल ही में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से हुए नुकसान के लिए आपातकालीन राहत, मरम्मत और अन्य दीर्घकालिक उपायों के लिए 11,500 करोड़ रुपये के खर्च को मंजूरी दी। महाराष्ट्र मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की तरफ से जारी एक बयान में इसकी जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने हाल के दिनों में सांगली, चिपलून समेत कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था और जनता को भरोसा दिलाया था कि पूरे प्रदेश में हुए नुकसान का आकलन करने के बाद राहत पैकेज की घोषणा की जाएगी।

 

सोमवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पश्चिमी महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित सांगली जिले के भीलवाड़ी, अंकलखोप, कस्बे-दिगराज और कई अन्य क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया था। इस दौरान ठाकरे ने कहा कि हमें दो मोर्चों पर काम करना है। पहला, बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाना है और इसपर काम चल रहा है। दूसरा, हमें क्षेत्र में लगातार बाढ़ के संकट के स्थायी समाधान पर काम करना होगा और इसके लिए हमें कुछ कड़े कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि अगर कुछ निर्माण, पानी के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं तो उन्हें हटाने की जरूरत है।

वहीं, महाराष्ट्र के लोक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण ने सोमवार को कहा था भारी वर्षा, बाढ़ एवं भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुईं सड़कों एवं पुलों के पुनर्निर्माण के लिए 2,244 करोड़ रूपये की जरूरत है। आपको बता दें महाराष्ट्र में भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ के बाद जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और लोगों को काफी नुकसान उड़ाना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *