गिरदावरी कार्य देखने राजस्व अधिकारी पहुंच रहे खेतों में

रायपुर
छत्तीसगढ़ शासन के निदेर्शानुसार प्रदेश के सभी जिलों में गिरदावरी का कार्य किया जा रहा है। गिरदावरी के लिए राजस्व विभाग के पटवारी, राजस्व निरीक्षक द्वारा किसानों के खेतों के सभी खसरों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है कि खेत में कौन सी फसल बोई गई है, धान एवं उसकी किस्म, मूंग, उड़द एवं अन्य फसलें जो बोई गयी हैं उसकी सम्पूर्ण जानकारी का भौतिक सत्यापन कर जानकारी अद्यतन की जा रही है। खसरे के अंतर्गत फसल, पेड़, मकान, सिंचाई सुविधा इत्यादि की सम्पूर्ण जानकारी ली जा रही है एवं खसरे में इसकी प्रविष्टि की जाती है। इस कार्य के निरीक्षण के लिए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले की कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी ने पेंड्रा तहसील के ग्राम पतगवा, भाड़ी, देवरीकला, कोडगार मे किसानों के खेत तक पहुंच कर पटवारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारियों द्वारा कराए जा रहे गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने गिरदावरी कार्य के लिए नियुक्त अधिकारी कर्मचारियों को किसानों के खेतों तक जाकर ही उचित ढंग से गिरदावरी कार्य किए जाने के निर्देश दिए।

ज्ञातव्य है कि एक अगस्त से 30 सितंबर तक गिरदावरी कार्य किया जाना है, जिसमें सभी खसरो का भौतिक सत्यापन कर आॅनलाइन फसल प्रविष्टि की जाएगी साथ ही धान की किस्म, पेड़, मकान, सिंचाई के साधन इत्यादि की प्रविष्टि का प्रावधान है। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से चर्चा करते हुए फसल की सिंचाई, फसल की स्थिति तथा कृषि संबंधी अन्य जानकारियां ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *