हनीट्रेप के आरोप में पूर्व विधायक का बेटा गिरफ्तार

 नई दिल्ली 
बदरपुर से दो बार विधायक रह चुके राम सिंह नेताजी के बेटे तरुण कुमार के साथ ठगी करने के आरोप में बदरपुर थाना पुलिस ने पूर्व विधायक नारायण दत्त शर्मा के बेटे नील दत्त शर्मा को गिरफ्तार किया है। नारायण दत्त शर्मा आम आदमी पार्टी से विधायक रहे थे। नील दत्त शर्मा को पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस एनडी शर्मा के साले के बेटे पवन को पहले गिरफ्तार कर चुकी है। 

पुलिस उपायुक्त आर.पी मीणा ने बताया कि आप नेता राम सिंह के बेटे तरुण के इंस्टाग्राम पर 30 मार्च को एक युवती ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। फिर दोनों में बात होने लगी। तीन अप्रैल को युवती ने कहा कि उसके पास तरुण की अश्लील फोटो हैं। वह उसे दस लाख रुपये नहीं देंगे तो ये फोटो वह इंटरनेट मीडिया में वायरल कर देगी। तरुण ने उसे तीन बार में 70 हजार रुपये पेटीएम कर दिए, लेकिन आरोपी की बढ़ती मांग से परेशान होकर तरुण ने बदरपुर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस जांच में मोबाइल नंबर व सर्विलांस के जरिये साजिश में नीलदत्त शर्मा व पवन का नाम सामने आया। आरोपियों की पहचान के बाद पुलिस ने पवन को गिरफ्तार 8 जुलाई को गिरप्तार कर लिया था। जिससे पूछताछ के बाद रविवार को पुलिस ने नील दत्त शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *