हिस्ट्रीशीटर अरविंद राज त्रिपाठी भाजयुमो के बने प्रदेश मंत्री, दर्ज अपराधिक मामले 

 कानपुर 
भाजयुमो प्रदेश नेतृत्व ने सोमवार को प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान किया है। इसमें काकादेव थाने के हिस्ट्रीशीटर अरविंद राज त्रिपाठी को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। अरविंद के खिलाफ 16 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस कमिश्नर ने अरविंद के खिलाफ दर्ज मुकदमों की रिपोर्ट मांगी है। प्रदेश कार्यसमिति में कानपुर के शिववीर सिंह भदौरिया को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। उधर, इस मामले में भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी का कहना है कि प्रकरण जानकारी में आया है, पूरे मामले की जांच करवाई जा रही है।

अरविंद राज छात्र राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वर्तमान में वह वकालत करते हैं। अरविंद राज का कहना है कि सभी मामले खत्म हो चुके हैं। सन् 2010 के बाद से उनके खिलाफ एक भी मुकदमा नहीं हुआ है। सिर्फ एक मुकदमा विचाराधीन है। यह सभी मुकदमे छात्र राजनीति के समय के हैं। बसपा सरकार में उनके खिलाफ कार्रवाई हुई होगी। इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है और कभी पुलिस ने भी नहीं पूछा।

निष्ठा को देखते हुए दी जिम्मेदारी
भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों कार्यकर्ताओं की निष्ठा को देखते हुए युवा मोर्चा में जगह दी गई है। हर वर्ग के युवाओं के जरिए पार्टी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। शिवबीर सिंह भदौरिया लंबे समय से संगठन से हैं। जिलाध्यक्ष डा. वीना आर्या पटेल और सुनील बजाज ने भी दोनों की तारीफ की है। पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने बताया कि अरविंद राज के खिलाफ 16 मुकदमें काकादेव थाने में दर्ज है। पुलिस से मुकदमों की ताजा स्थिति पर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मुकदमों का स्टेटस क्या है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *