बाबुल सुप्रियो ने लिखी एक और फेसबुक पोस्ट, दिलीप घोष पर साधा निशाना बताया क्या करेंगे आगे

एक दिन पहले फेसबुक पर राजनीति से संन्यास का ऐलान करने वाले बाबुल सुप्रियो ने फिर से एक फेसबुक पोस्ट लिखी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने इस पोस्ट में बंगाल भाजपा के प्रमुख दिलीप घोष और टीएमसी के कुणाल घोष पर निशाना साधा है। बांग्ला में लिखी इस पोस्ट के साथ बाबुल ने दिलीप घोष और कुणाल घोष के कमेंट का स्क्रीनशॉट भी लगाया है। साथ ही उन्होंने लिखा है कि राजनीति छोड़ने के बाद उन्हें ऐसी टिप्पणियों से नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे उनकी पॉजिटिव एनर्जी बचेगी और वह इसका इस्तेमाल बेहतर काम में करेंगे। 

पॉजिटिव एनर्जी का इस्तेमाल अच्छे काम में
दिलीप और कुणाल की टिप्पणियों पर बाबुल ने लिखा है कि मेरे फैसले पर आप लोगों ने जो कहा है, वो मैंने पढ़ा। हर कोई मेरी बातों का अपने हिसाब से अर्थ लगा रहा है और समर्थन या विरोध कर रहा है। कुछ लोग अपने हिसाब से भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। मुझे यह सब स्वीकार है, लेकिन मैं इन बातों का जवाब अपने काम से दूंगा। काम करने के सांसद या मंत्री होना जरूरी है क्या? बाबुल ने आगे लिखा है कि मैं अब अपने गाने और शो पर फोकस करूंगा। अब मेरे पास काफी ज्यादा समय होगा। बहुत सारी पॉजिटिव एनर्जी भी बचेगी। इस एनर्जी का इस्तेमाल मैं अच्छे काम में करूंगा।

कुणाल घोष ने बताया था ड्रामा
गौरतलब है कि बाबुल सुप्रियो के रिटायरमेंट पर टिप्पणी करते हुए पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि कौन क्या लिखता है वह यह नहीं देखते हैं। क्या उन्होंने अपना इस्तीफा दिया है? किसी का राजनीति में आना या इसे छोड़ना उसका खुद का फैसला हो सकता है। दिलीप घोष ने आगे कहा था कि उन्हें समझाइए कि फेसबुक पर पोस्ट लिखकर राजनीति नहीं छोड़ी जाती। वहीं टीएमसी के कुणाल घोष ने कहा था कि लोकसभा चल रही है। वहां स्पीकर बैठे हुए हैं। वहां पर इस्तीफा देने के बजाए फेसबुक पर ड्रामा किया जा रहा है। कुणाल ने यहां तक कहा था कि असल में वह पॉलिटिक्स छोड़ना नहीं चाहते हैं। वह बस लोगों का ध्यान खींचना चाहते हैं। ठीक उसी तरह से जैसे शोले फिल्म में धर्मेंद्र ने टंकी पर चढ़कर ड्रामा किया था, उसी तरह से। पहले वह गाना गाया करते थे, अब वह ड्रामा कर रहे हैं। 

एक दिन पहले लिखी थी सनसनीखेज पोस्ट
गौरतलब है कि शनिवार को फेसबुक पर एक सनसनीखेज पोस्ट लिखकर बाबुल सुप्रियो ने राजनीति छोड़ने का ऐलान कर दिया था। इसमें उन्होंने लिखा था कि वह कोई अन्य पार्टी नहीं ज्वॉइन करने जा रहे हैं। हालांकि बाद में उन्होंने अपनी फेसबुक पोस्ट को एडिट करते हुए अन्य पार्टी न ज्वॉइन करने की बात को हटा दिया था। कुछ वक्त पहले ही बाबुल सुप्रियो को केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटा दिया गया था। वहीं भाजपा के कुछ अन्य नेताओं ने बाबुल के इस फैसले को भावनात्मक निर्णय बताया था। कहा था कि वह भाजपा छोड़कर नहीं जाने वाले हैं।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *