जज मौत मामला में जांच में जुटी एसआईटी, एडीजी ने की मैराथन बैठक 

 धनबाद 
जिला एवं सत्र न्यायाधीश-8 उत्तर आनंद की मौत के मामले में साजिश का एंगल खंगालने के लिए एसआईटी ने शुक्रवार को मैराथन बैठक की। एडीजी अभियान संजय आनंद लाटकर की अगुवाई में टीम ने एसएसपी ऑफिस में सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक लगातार बैठक की। इस दौरान गिरफ्तार ऑटो चालक लखन वर्मा और राहुल वर्मा को अलग-अलग कमरे में बैठाकर टीम के सदस्यों ने उनपर सवाल की बौछार की। बताया जा रहा है कि अबतक की जांच में एसआईटी को कोई नया एंगल नहीं मिल पाया है। एसआईटी ने सीआईडी की फोरेंसिक टीम के साथ भी अलग से बैठक की। 

घटनास्थल और ऑटो से जब्त साक्ष्य की बारीकी से समीक्षा की गई। एसआईटी के निर्देश पर धनबाद के अलग-अलग डीएसपी की अगुवाई में मोबाइल सीडीआर और कॉल डंप को खंगाला जा रहा है। मोबाइल सीडीआर के आधार पर सरायढेला थाने में बुलाकर कई लोगों से पूछताछ भी की गई। दोनों आरोपियों के पास से चार मोबाइल नंबरों के हाल के दिनों का कॉल डिटेल्स निकाला गया है। आरोपियों के नंबरों पर आए फोन और उनके द्वारा किए गए कॉल के संबंध में जांच चल रही है। कातिल ऑटो के पीछे सीसीटीवी में दिखे बाइक सवार की भी तलाश की जा रही है। अन्य सड़कों पर मिले सीसीटीवी से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। 
  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *