धोखाधड़ी करके कुपोषण में यूपी को बना दिया नंबर 1: प्रियंका गांधी
लखनऊ
कांग्रेस महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने 'कुपोषण' को लेकर केंद्र और यूपी की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। दरअसल, यह हमला केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी की ओर से राज्यसभा में एक प्रश्न के एक उत्तर में दिए गए जवाब पर ये हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धोखाधड़ी करके कुपोषण में उप्र को नंबर 1 बना दिया।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'संसद में भाजपा सरकार की मंत्री ने बताया कि देश में सबसे ज्यादा कुपोषित बच्चे (लगभग 4 लाख) उत्तर प्रदेश में हैं। प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी खुद को खुद से ही "नंबर 1" का खिताब देते रहे और "डबल इंजन" की धोखाधड़ी करके कुपोषण में उप्र को नंबर 1 बना दिया।'
राज्यसभा में स्मृति ईरानी ने कही ये बात दरअसल, सरकार ने गुरुवार को कहा कि देश में छह माह से छह साल की उम्र के नौ लाख से अधिक अत्यंत कुपोषित बच्चों की पहचान की गई है। इसमें से 3,98,359 बच्चे उत्तर प्रदेश के हैं। महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश भर में 9,27,606 ऐसे बच्चों की पहचान की गई है जो अत्यंत कुपोषित हैं और जिनकी उम्र छह माह से छह साल के बीच है।
