दबंग मालिकों का गरीब पर टूटा कहर, सैलरी मांगने पर बुरी तरह पीटा, नेशनल हाईवे पर फेंककर भागे 

हापुड़
दिल्ली के रहने वाले दबंग टैंकर मालिकों से अपनी तनख्वाह मांगने पर एक युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। जिसके बाद उसे अधमरी हालत में आरोपी बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-9 पर सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। राहगीरों ने घायल को पड़ा देखकर सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार जनपद बागपत के गांव खेड़की निवासी मोनू शर्मा वर्तमान में कुचेसर चौपला पर किराए पर रहता है। वह दिल्ली निवासी कुछ लोगों के दूध के टैंकर चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। उसका आरोप है कि मालिकों पर उसकी तनख्वाह के करीब दो लाख 20 हजार रुपये बकाया चल रहे हैं। जिन्हें वह लगातार मांग रहा है। लेकिन मालिक आजकल की बात कहकर उसे टरका रहे हैं।

मोनू शर्मा का आरोप है कि गुरूवार को वह दिल्ली में अपनी तनख्वाह लेने के लिए गया था। जहां पर मालिकों ने उसे बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया और उसके साथ जमकर मारपीट की। अधमरी हालत में उसे गाड़ी में बैठाया और उसके बाद नेशनल हाईवे-9 पर उपैड़ा के पास स्थित एक होटल के पास सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। शुक्रवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे अधमरी हालत में देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी नीरज जादौन ने बताया कि यह मामला संज्ञान में आया है। सीओ सिटी को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *