मिशन-2022 के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने विशेष टास्क

 लखनऊ 
केंद्र सरकार में उत्तर प्रदेश से बने सात नये मंत्रियों और सांसदों को मिशन-2022 के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने विशेष टास्क दिया है। यूपी कोटे के मंत्रियों की राज्य में आगमन और जगह-जगह उनके स्वागत का रूट मैप भाजपा प्रदेश कमेटी तैयार करेगी। यूपी कोटे के मंत्री और सांसद जनकल्याणकारी नीतियों से लोगों को जोड़ने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मेडिकल में ओबीसी के लिए 27 फीसदी तथा गरीब सवर्णों के लिए 10 फीसदी आरक्षण की चर्चा हर मौके पर लोगों के बीच करते नजर आएंगे। 

गुरुवार को देर शाम नई दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के काशी, अवध और गोरखपुर प्रांत के सांसदों के साथ विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों पर मंथन किया। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी उपस्थित थे।

इस मंथन में यह तय हुआ कि यूपी कोटे के केंद्रीय मंत्री के राज्य में आने का रोड मैप भाजपा प्रदेश कमेटी तय करेगी। मंत्रियों के स्वागत कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच केंद्र सरकार की उपलब्धियों और लोक कल्याणकारी कायक्रमों को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा। स्वागत में जुलूस भी निकाले जाएंगे। 
लोकसभा का सत्र समाप्त होने पर राज्य में जगह जगह प्रबुद्ध सम्मेलन, आंगनबाड़ी सम्मेलन, आशा बहू सम्मेलन तथा पिछड़ा वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में सांसद शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *