फिसली जुबान, अखिलेश यादव को औरंगजेब तो ममता को बताया लंकिनी: BJP विधायक सुरेंद्र सिंह 

बलिया
अक्सर अपने बयानों को लेकर बैरिया से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक सुरेंद्र सिंह मीडिया की सुर्खियों में बने रहते है। वो मीडिया की सुर्खियों में आने का कोई भी मौका नहीं छोड़ते है। एक बार फिर बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने विवादित बयान दिया, जिसके बाद वो चर्चाओं में आ गए है। दरअसल, उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को औरंगजेब तो ममता बनर्जी को लंकिनी बताया है। बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने 29 जुलाई, दिन गुरुवार को डाक बंगले में मीडिया से बात करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। इस दौरान ममता बनर्जी के बारे में सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पश्चिमी बंगाल में राजनीतिक लंकिनी पैदा हो गई है, जो गुंडों और सरकारी तंत्र के सहयोग से फिर सत्ता पर काबिज होने में सफल हो गईं। उन्होंने कहा कि लंका फतह होगा और लंकिनी मारी जाएगी। लंकिनी का विनाश करने वाले मोदी व योगी हैं। 

बीजेपी विधायक ने कहा कि देश की जनता जागरूक हो चुकी है। इन्हें राम के रूप में मोदी और हनुमान के रूप में योगी मिल चुके हैं। अब कार्यकर्ता नहीं राजनैतिक सेना के रूप में कार्यकर्ताओं को काम करना पड़ेगा तभी रोहिंग्या और मुस्लिम आक्रांताओं को जवाब भारत की धरती पर दिया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस की संरक्षक एवं अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी के पास भारतीय सभ्यता और संस्कृति का अभाव है। 

उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष औरंगजेब के पदचिह्नों पर चल रहे हैं। भाजपा विधायक ने कहा कि अपने पिता को जबरन अध्यक्ष पद से हटाकर अखिलेश यादव सपा के अध्यक्ष बन गए। जो अपने पिता का नहीं हुआ वह आमजन का क्या होगा। वर्ष 2003 में मऊ में सैकड़ों यादवों की हत्या हो गई, लेकिन सपा का कोई नेता संवेदना व्यक्त करने के लिए भी यादवों के घर नहीं पहुंचा कि कहीं मुसलमान नाराज न हो जाएं। ऐसे लोगों से यादव समाज का कल्याण होने वाला नहीं है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *