मेयर हत्‍याकांड में विधायक के रिश्‍तेदार का आया नाम 

 कटिहार  
कटिहार नगर निगम के मेयर शिवराज पासवान की गुरुवार की रात गोली मारकर हत्‍या कर दी गई। बताया जा रहा है पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक विधायक के रिश्‍तेदार का नाम आया है। परिवारीजनों ने 12 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने गुरुवार देर रात ही मेयर के शव का पोस्टमार्टम कराया। इस बीच जिला पदाधिकारी उदयन मिश्रा ने दावा किया कि 48 घंटे के अंदर मेयर हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। पकड़े गए आरोपित नगर थाना और अलग-अलग इलाकों से हैं। 

मेयर की हत्‍या से उनके समर्थकों में शोक फैल गया है। कल रात को हत्या के बाद शहर में बवाल मच गया। जैसे-जैसे लोगों को घटना की जानकारी मिलती गई लोग थाना पहुंचने लगे। लोग घटना से काफी आक्रोशित और आहत हैं। थाना परिसर में लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा थाना परिसर का घेराव कर लिया। 

गोली लगने से घायल मेयर की कटिहार मेडिकल कॉलेज में मौत होने के बाद लोग उनके शव को लेकर नगर थाना आ गए और नगर थाना परिसर में शव को रखकर जमकर आक्रोश जताया। घटना की सूचना मिलने पर जैसे ही एसपी विकास कुमार नगर थाना पहुंचे वैसे ही लोग और आक्रोशित हो गए और लोगों ने पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिया। घटना से आंदोलित लोगों ने शहर की पुलिसिंग पर सवाल उठाये। समाचार लिखे जाने तक नगर थाना का आक्रोशित लोग घेराव किए हुए थे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *